आज मंडी में आपदा प्रभावितों को 82 करोड़ बांटेंगे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सोमवार को आपदा प्रभावितों को राहत पैकेज के तौर पर 82.15 करोड़ रुपए बाटेंगे। इसके लिए तीन जिलों मंडी, कुल्लू और बिलासपुर के बाढ़ पीडि़तों की मदद का कार्यक्रम मंडी के पड्डल मैदान में रखा गया है। मंडी जिला को 36 करोड़, जबकि कुल्लू को सबसे अधिक 40 करोड़ 65 लाख तथा बिलासपुर को साढ़े पांच करोड़ रुपए की राशि मुहैया करवाई जाएगी।
करीब 5000 आपदा प्रभावितों को यह धनराशि बांटी जाएगी। यह पहली बार है, जब राज्य सरकार उन आपदा प्रभावितों को पहली किस्त के तौर पर चार लाख रुपए देने जा रही है, जिनका घर पूरी तरह तबाह हो गया है। उनको पहले सिर्फ 1.30 लाख दिया जाता था।
इस बार बरसात में घर टूटने के बाद जिन लोगों को 1.30 लाख की पहली किस्त मिल चुकी है, उन्हें 2.70 लाख का चेक अतिरिक्त तौर पर दिया जाएगा। इस पैकज की घोषणा राज्य सरकार अपने स्तर पर कर रही है और अन्य जिलों के प्रभावितों के लिए कार्यक्रम अलग-अलग होंगे। राज्य सरकार ने पहले ही पूरे प्रदेश के लिए एक जैसा पैकेज देने का ऐलान किया है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा है कि इन प्रभावितों के लिए काम पहले करने के बाद राज्य सरकार पंचायत चुनाव को लेकर सोचेगी। इसीलिए डिजास्टर मैनेजमेंट एक्ट के तहत इस बारे में मुख्य सचिव ने एक आदेश कर रखा है।
आपदा प्रभावितों को कंसोलिडेटेड पैकेज राज्य सरकार ने 2023 में हुए नुकसान के बाद पहली बार दिया था और इस पैकेज को अब अपग्रेड किया गया है। 2025 में हुए नुकसान को देखते हुए अब सात लाख पैकेज के साथ 70000 घरों के साजो-सामान के लिए अतिरिक्त तौर पर जोड़े गए हैं।
इस बारे में कैबिनेट से मंजूरी पहले ही ली जा चुकी है और अब सोमवार को मुख्यमंत्री द्वारा मंडी में की जाने वाली घोषणा से साफ होगा कि बाकी प्रदेश के जिलों के लिए राज्य सरकार की क्या योजना है।
नहीं आए पीएम मोदी के 1500 करोड़
राज्य सरकार सोमवार को आपदा प्रभावितों के लिए राहत पैकेज का ऐलान करने जा रही है, लेकिन केंद्र सरकार से 1500 करोड़ रुपए अब भी नहीं मिले हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बरसात के दौरान कांगड़ा जिला के दौरे के बाद इस पैकेज की घोषणा की थी, लेकिन यह पैसा किस फार्मूले में मिलेगा, यह अभी तक स्पष्ट नहीं है।
फिर बनेंगे 1,513 परिवारों के टूटे घर, 3,401 घरों की दरारों पर लगेगा सीमेंट
मंडी। सुक्खू सरकार द्वारा दी जा रही इस राहत राशि से 1,513 परिवारों के टूटे घर फिर बनेंगे। ये परिवार फिर अपनी छत के नीचे अपने परिवार के साथ रहेंगे। इन परिवारों के घर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हुए हैं, जो किराए पर या फिर रिश्तेदारों के घरों में रहने को मजबूर हैं।
3,401 घरों मे आई दरारों को सुक्खू सरकार सीमेंट लगाएगी। आपदा के दौरान ये घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। मंडी, कुल्लू और बिलासपुर के लगभग पांच हजारों प्रभावितों से सोमवार को सीएम मिलेंगे और उन्हें चैक प्रदान करेंगे।
आपदा में घर खो चुके लोगों पड्डल तक लाने की व्यवस्था सरकारी अमला करेगा और इसके लिए बस सुविधा मुहैया करवाई जाएगी। मंडी एडीसी गुरसिमर सिंह ने बताया कि राहत राशि आबंटन के इस मौके पर राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी और तकनीकी मंत्री राजेश धर्माणी भी विशेष रूप से साथ रहेंगे।
आपदा से निपटने के तरीके आएंगे सामने
आपदा से निपटने के गुर सिखाने को एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और होमगार्ड द्वारा पड्डल मैदान में प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इस प्रर्दशनी के माध्यम से प्रभावितों और आम जनता को आपदा जैसी स्थिति से कैसे निपटना है, यह सिखाया जाएगा। सीएम भी इस प्रदर्शनी में हिस्सा लेकर जानकारी लेंगे। प्रदर्शनी में आपदा से बचने का रोड मैप भी प्रदर्शित किया जाएगा।
No comments