Recent Posts

Breaking News

समाज की दीवारें ढहाकर एक हुए दो दिल: 15 साल के बेटे की मां को चढ़ा इश्क का ऐसा बुखार, मंदिर में रचाई शादी

  • सात समंदर पार नहीं, लखीमपुर से सकरन भागी प्रेमिका; सुरक्षा की गुहार लगाने थाने पहुंचा प्रेमी जोड़ा

Sakran, Sitapur : कहते हैं प्यार अंधा होता है, जब यह परवान चढ़ता है तो न समाज की बनाई बंदिशें देखता है और न ही उम्र और रिश्तों का दायरा। कुछ ऐसा ही अनोखा और सनसनीखेज मामला सकरन थाना क्षेत्र में सामने आया है, जहां परिजनों के कड़े विरोध और सामाजिक लोक-लाज की परवाह किए बिना एक प्रेमी युगल ने घर से भागकर मंदिर में विवाह रचा लिया। शादी की रस्में पूरी करने के बाद अपनी जान को खतरा बताते हुए यह नवविवाहित जोड़ा सुरक्षा की गुहार लगाने सोमवार को सकरन थाने की चौखट पर जा पहुंचा, जिसे देखकर पुलिसकर्मी भी एक पल के लिए हैरान रह गए।

18 साल पहले हुई थी शादी, ससुराल में ही देवर से जुड़ा रिश्ता, दोस्त पर हार बैठी दिल
मामला दो अलग-अलग जिलों और थानों से जुड़ा हुआ है। जानकारी के मुताबिक, प्रेमिका की शादी करीब 18 वर्ष पूर्व लखीमपुर खीरी जिले के ईसानगर थाना क्षेत्र में हुई थी। उसका एक 15 वर्षीय बेटा भी है, जो अपनी मां के इस कदम से अनजान था। पुलिसिया पूछताछ में प्रेमी ने राज खोलते हुए बताया कि दोनों के बीच पिछले एक साल से बेहद नजदीकियां थीं और इश्क का चक्कर चल रहा था।

उनकी पहली मुलाकात प्रेमिका के ससुराल ईसानगर में हुई थी, जहां दोनों एक-दूसरे को दिल दे बैठे। इसके बाद मोबाइल पर मुलाकातों और लंबी बातों का सिलसिला शुरू हो गया। दोनों बालिग थे और दुनिया की परवाह किए बिना एक-दूसरे के साथ जिंदगी बिताना चाहते थे। प्यार का बुखार जब सिर चढ़कर बोलने लगा, तो दोनों ने अपना-अपना आशियाना छोड़कर भागने का फैसला कर लिया।

रात के अंधेरे में पहुंची प्रेमी के घर, थाने में परिजनों के सामने अड़ा जोड़ा
बीते शनिवार की रात प्रेमिका अपने पति और बेटे को छोड़कर चुपके से घर से भागकर सकरन थाना क्षेत्र स्थित अपने प्रेमी के घर पहुंच गई। करीब एक सप्ताह तक छुपकर रहने के बाद शनिवार शाम करीब आठ बजे दोनों ने एक स्थानीय मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज के साथ एक-दूसरे को जयमाला पहनाकर शादी रचा ली। इधर, महिला के अचानक गायब होने से भड़के परिजनों ने सकरन थाने में तहरीर देकर युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जब दोनों को थाने तलब किया, तो प्रेमी जोड़ा सीधे पुलिस के सामने हाजिर हो गया। उन्होंने थानाध्यक्ष को अपनी पूरी आपबीती सुनाई और साफ लफ्जों में दावा किया कि वे दोनों बालिग हैं, अपनी मर्जी से साथ आए हैं और अब मरते दम तक साथ रहना चाहते हैं। थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि प्रेमी युगल से शुरुआती पूछताछ कर ली गई है और स्थिति को देखते हुए दोनों के परिजनों को भी थाने बुलाया गया था। महिला पहले से शादीशुदा है, लेकिन दोनों बालिग हैं और एक साथ रहने की जिद पर अड़े हुए हैं, जिसके आधार पर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई और काउंसलिंग में जुटी है।

No comments