Recent Posts

Breaking News

स्कूटी से जा रहे थे ASI जोगा सिंह, हमलावरों ने गोली मारकर कर दी हत्या, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

अमृतसर। पंजाब के अमृतसर में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब अज्ञात हमलावरों ने ड्यूटी पर जा रहे ASI जोगा सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान जोगा सिंह के रूप में हुई है, जो अमृतसर ट्रैफिक पुलिस में तैनात थे। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने जांच तेज कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह ASI जोगा सिंह स्कूटी से ड्यूटी के लिए अमृतसर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अज्ञात बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके को घेर लिया गया। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

हमजा गांव के पास मिला घायल अवस्था में

अमृतसर के एसएसपी Suhail Qasim Mir ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह वारदात मजीठा थाना क्षेत्र के अंतर्गत हमजा गांव के पास हुई। उन्होंने कहा, “आज सुबह सूचना मिली कि एएसआई जोगा सिंह, जो गनिके-बंगार, बटाला के रहने वाले थे और वर्तमान में अमृतसर ट्रैफिक पुलिस में तैनात थे, अपनी मोटरसाइकिल से अमृतसर जा रहे थे। इसी दौरान उन्हें गोली लगी अवस्था में पाया गया।”

एसएसपी ने बताया कि घटना बटाला-मजीठा रोड से कुछ दूरी पर हुई है और पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।

व्यक्तिगत दुश्मनी से लेकर रोड रेज तक हर पहलू की जांच

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में व्यक्तिगत रंजिश, लक्षित हमला और रोड रेज जैसी सभी संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। फिलहाल हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है।

पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया है। वहीं इलाके में नाकेबंदी कर संदिग्धों की तलाश जारी है।

इस घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर है। साथी पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने ASI जोगा सिंह की हत्या पर गहरा दुख जताया है।

No comments