Recent Posts

Breaking News

पुष्पा झुकेगा नहीं… पर वो तो झुकता-झुकता भाग गया’, फलता सीट पर भाजपा की जीत पर अग्निमित्रा पॉल बोली- ये लोकतंत्र और आम जनता की जीत

कोलकाता। दक्षिण 24 परगना जिले की फलता सीट पर मिली जीत को लेकर राज्य की मंत्री अग्निमित्रा पाल ने लोकतंत्र और आम जनता की जीत बताया है। उन्होंने कहा कि यह जीत फलता की माताओं-बहनों और आम लोगों की जीत है, जिन्होंने भारी संख्या में मतदान कर बदलाव का संदेश दिया।

अग्निमित्रा पाल ने कहा, “कुछ लोग कह रहे थे कि ‘पुष्पा झुकेगा नहीं’, लेकिन असल में पुष्पा झुकता-झुकता भाग गया। यह जनता की ताकत है।” उन्होंने बताया कि करीब 88 प्रतिशत मतदान यह दर्शाता है कि जनता ने बढ़-चढ़कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में हिस्सा लिया और परिवर्तन के पक्ष में मतदान किया।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में विकास की जो धारा शुरू हुई है, वह जनता के सहयोग से और तेज होगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस विकास यात्रा का हिस्सा बनें।वहीं, हाई कोर्ट के एक आदेश और बयानबाजी को लेकर अग्निमित्रा पाल ने हुमायूं कबीर पर तीखा हमला बोला। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा, “डोंट प्ले विद फायर” और आरोप लगाया कि हुमायूं कबीर हमेशा भड़काऊ राजनीति करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब इस तरह की गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

अवैध निर्माण और अतिक्रमण के मुद्दे पर मंत्री ने साफ किया कि सरकार कानून के दायरे में रहकर कार्रवाई कर रही है। जिन इमारतों के पास वैध कागजात, प्लानिंग या स्वीकृति नहीं है, उन्हें नोटिस जारी किया गया है। संबंधित लोगों को दस्तावेज पेश करने के लिए समय दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि कई लोगों—जिनमें पप्पू, सोना, राजू, नास्कर, फैयाज खान (विधायक जावेद खान के बेटे) को नोटिस दिया गया है। आरोप है कि इनकी इमारतों में नियमों का उल्लंघन हुआ है, जिससे आसपास के लोगों को परेशानी हो रही है।

उत्तर बंगाल में लेनिन की मूर्ति तोड़े जाने के मामले में भी अग्निमित्रा पाल ने तृणमूल कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि उत्तर बंगाल में यह घटना तृणमूल कार्यकर्ताओं द्वारा अंजाम दी गई थी और सरकार दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करेगी।

बुलडोजर कार्रवाई पर सफाई देते हुए मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता किसी को निशाना बनाना नहीं, बल्कि अवैध कब्जों को हटाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि 15 वर्षों से जिन निजी संपत्तियों पर अवैध कब्जा किया गया था, वहां कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जा रही है।

तृणमूल नेता कुणाल घोष के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि बुलडोजर केवल अवैध अतिक्रमण पर चल रहा है और सभी को पहले नोटिस देकर जवाब देने का अवसर दिया जा रहा है। पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और कानून के अनुसार की जा रही है।

मंत्री अग्निमित्रा पाल ने अंत में कहा कि भाजपा सरकार का उद्देश्य राज्य में बिना भेदभाव के विकास करना और कानून व्यवस्था को मजबूत करना है।

No comments