कैरेक्टर पर था शक..! पति ने पत्नी को बेरहमी से हत्या कर दी, फिर खुद भी सुसाइड कर लिया, कागज पर लिखी ये बात

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के हीरा नगर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह मेघदूत नगर में रहने वाले एक युवक ने पहले अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या की और फिर खुद भी जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना का खुलासा तब हुआ जब दंपती की मासूम बेटी के लगातार रोने की आवाज सुनकर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है।
हीरा नगर थाना प्रभारी सुशील पटेल ने बताया कि यह घटना रविवार सुबह करीब 6:30 बजे की है। मेघदूत नगर के एक मकान में दंपती की छोटी बेटी सुबह से लगातार रोए जा रही थी। काफी देर तक जब बच्ची चुप नहीं हुई, तो पड़ोसियों को किसी अनहोनी का शक हुआ और उन्होंने तुरंत पुलिस को फोन किया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जब दरवाजा अंदर से बंद पाया, तो उसे कटर से काटा और तोड़कर भीतर दाखिल हुई। अंदर कमरे में पति और पत्नी दोनों के शव पड़े हुए थे।
मृतक की पहचान हल्के वीर पटेल के रूप में हुई है, जो मूल रूप से होशंगाबाद (नर्मदापुरम) का रहने वाला था और फिलहाल पीथमपुर की एक पेस्टिसाइड (कीटनाशक) कंपनी में नौकरी करता था। वहीं मृतका उसकी पत्नी रोशनी थी। शुरुआती जांच और साक्ष्यों के मुताबिक, पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच वैवाहिक विवाद और खींचतान चल रही थी।
पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसने इस दोहरी मौत के पीछे की पूरी कहानी बयां कर दी है। सुसाइड नोट में हल्के वीर ने लिखा है कि उसकी पत्नी रोशनी का पीथमपुर के ही रहने वाले सतीश साहू नाम के युवक के साथ प्रेम प्रसंग था, जिसने उसके साथ धोखा किया। नोट में यह भी आरोप लगाया गया है कि सतीश साहू ने उसे पीथमपुर बुलाकर उसके साथ मारपीट की थी और इस काम में सतीश के माता-पिता भी उसका साथ दे रहे थे। हल्के वीर ने सुसाइड नोट में मांग की है कि उसकी मौत के बाद सतीश और उसके परिवार के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
हल्के वीर ने अपने सुसाइड नोट में यह भी लिखा था कि इस धोखे और प्रताड़ना के कारण वे दोनों (पति-पत्नी) जहर खाकर अपनी जान दे रहे हैं। इसके साथ ही उसने अपनी संपत्ति बेटी के 18 साल के होने पर उसे सौंपने और बच्ची के पालन-पोषण की जिम्मेदारी अपनी साली को देने की बात लिखी है।
हालांकि, थाना प्रभारी सुशील पटेल ने बताया कि सुसाइड नोट में भले ही दोनों के जहर खाने की बात लिखी हो, लेकिन मृतका रोशनी के गले पर चोट और घसीटे जाने के गहरे निशान मिले हैं। पुलिस को अंदेशा है कि हल्के वीर ने पहले रोशनी की गला घोंटकर हत्या की और उसके बाद खुद जहर खाकर जान दे दी। फिलहाल, पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं और कॉल डिटेल्स व चैट के आधार पर आगे की जांच कर रही है।
No comments