HP WEATHER UPDATE : प्रदेश में दो दिन बारिश के आसार, फिर शुरू होगा गर्मी का दौर

हिमाचल प्रदेश में मई माह के बीच हुई भीषण गर्मी से लोगों को थोड़ी राहत मिली है। शनिवार को कई क्षेत्रों में हल्की से तेज बारिश देखने को मिली है। वहीं मौसम में आए बदलाव से लोगों को भी चिलचिलाती गर्मी से आराम मिला है। राज्य में बीते 24 घंटों के दौरान कई हिस्सों में बारिश, तेज हवाएं और बादल छाए रहने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतर स्थानों के अधिकतम तापमान सामान्य से दो से आठ डिग्री सेल्सियस तक नीचे चले गए हैं। वहीं 24 और 25 मई को प्रदेश में फिर से बारिश होने की संभावनाएं बनी हुई हैं।
हालांकि मौसम विभाग ने 26 और 27 मई को प्रदेश के कुछ हिस्सों में लू चलने की भी चेतावनी जारी की है, जबकि 28 और 29 मई को एक बार फिर मौसम बदलने और कई जगह बादल बरसने की संभावना जताई गई है। शनिवार सुबह राजधानी शिमला में बादलों के बीच हल्की धूप देखने को मिली। निचले इलाकों में कहीं तेज धूप तो कहीं बादल छाए हैं।
पिछले कई दिनों से पड़ रही गर्मी के बाद लोगों ने मौसम में आई नरमी से कुछ राहत महसूस की। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। निचार में 17 मिलीमीटर, सराहन में 15.5 एमएम, कल्पा में 13.4 एमएम, मनाली और कुकुमसेरी में 10-10 एमएम, भुंतर में 9.8 एमएम और सियोबाग में 8 एमएम बारिश दर्ज की गई। कुछ जगहों पर गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं भी चलीं। हमीरपुर के नेरी में 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं रिकार्ड की गईं। कोकसर में ओलावृष्टि भी हुई।
तापमान में हल्की गिरावट
राज्य में हुई ताजा बारिश से कई क्षेत्रों में तापमान में भी हल्की गिरावट दर्ज की गई है। शनिवार को शिमला का न्यूनतम तापमान 19 डिग्री, सुंदरनगर 17.1, भुंतर 13.5, कल्पा 6.4, धर्मशाला 18.8, ऊना 20.5, नाहन 20.9, केलांग 6 डिग्री, पालमपुर 18.5, सोलन 16.6, मनाली 10.2, कांगड़ा 19.7, मंडी 18.7, बिलासपुर 22.5, डलहौजी 11.2, जुब्बड़हट्टी 20, कुफरी 15.8, बरठीं 17.5, पांवटा साहिब 26, सराहन 13.2, देहरा गोपीपुर 22 और तबो का न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
No comments