Recent Posts

Breaking News

SSC परीक्षा धांधली का बड़ा खुलासा, ग्रेटर नोएडा में 4 लाख में बना रहे थे कॉन्स्टेबल, STF ने 7 आरोपी दबोचे

ग्रेटर नोएडा। कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की ऑनलाइन परीक्षाओं में बड़े पैमाने पर धांधली करने वाले गिरोह का स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें दो अभ्यर्थी भी शामिल हैं। पुलिस ने मौके से करीब 50 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।

4 लाख रुपये में नौकरी का झांसा

जांच में सामने आया है कि यह गिरोह उम्मीदवारों को CAPF, SSF में कॉन्स्टेबल और असम राइफल्स में राइफलमैन की भर्ती परीक्षा पास कराने का झांसा देकर 4 लाख रुपये तक वसूलता था।

एजेंटों के जरिए अभ्यर्थियों को जोड़कर उन्हें परीक्षा में पास कराने का दावा किया जाता था।

प्रॉक्सी सर्वर से होती थी ऑनलाइन नकल

एसटीएफ के अनुसार, गिरोह प्रॉक्सी सर्वर और स्क्रीन शेयरिंग एप्लिकेशन का इस्तेमाल कर ऑनलाइन परीक्षा में धांधली करता था। असली अभ्यर्थियों की जगह तकनीकी माध्यम से दूसरे लोग परीक्षा हल कराते थे।

बालाजी डिजिटल जोन बना धांधली का केंद्र

मुख्य आरोपी प्रदीप चौहान, जो एमकॉम पास है, ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क क्षेत्र में स्थित बालाजी डिजिटल जोन नाम से एक ऑनलाइन परीक्षा सेंटर संचालित करता था। इसी सेंटर को धांधली का मुख्य अड्डा बनाया गया था।

देहरादून रैकेट से भी कनेक्शन

जांच में यह भी सामने आया है कि 18 मई को देहरादून में पकड़े गए एक अन्य SSC नकल रैकेट से भी प्रदीप चौहान का संबंध था। वह पिछले लगभग तीन वर्षों से इस नेटवर्क से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है।

50 हजार कमीशन एजेंटों को

पुलिस के अनुसार, गिरोह में शामिल एजेंट हर उम्मीदवार को जोड़ने पर करीब 50 हजार रुपये कमीशन लेते थे। इसके बाद उम्मीदवारों से मोटी रकम वसूली जाती थी।

दो अभ्यर्थी भी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों में बागपत के गिशाकिर मलिक और बुलंदशहर के विवेक कुमार नाम के दो अभ्यर्थी भी शामिल हैं, जिन्होंने कथित रूप से इस फर्जीवाड़े में भाग लिया था।

50 लाख रुपये नकद बरामद

एसटीएफ ने छापेमारी के दौरान आरोपियों के पास से लगभग 50 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस को शक है कि यह गिरोह अब तक 12 से अधिक अभ्यर्थियों को अपने जाल में फंसा चुका है।

जांच जारी, बड़ा नेटवर्क होने की आशंका

अधिकारियों का मानना है कि यह केवल एक छोटा हिस्सा है और पूरे देश में फैले बड़े परीक्षा धांधली नेटवर्क का खुलासा आगे जांच में हो सकता है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

No comments