पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाएगी सरकार, सीएम सुक्खू बोले, हमारी पंचायतें गांवों की असली ताकत

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि गांवों की ताकत हमारी पंचायतें है। प्रदेश सरकार पंचायतों को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का प्रयास है कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सकें। मुख्यमंत्री सुक्खू रविवार को नारकंडा में निर्वाचित प्रतिनिधियों से संवाद कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों की चुनौतियों, गांवों की प्राथमिकताओं और जमीनी विकास जैसे विषयों को नजदीकी से समझा।
दरअसल मुख्यमंत्री सुक्खू रविवार को हाटू माता मंदिर पहुंचे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि ढली-नारकंडा-रामपुर तक की सडक़ को फोरलेन के रूप में विकसित करने के लिए केंद्रीय सडक़, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से सकारात्मक चर्चा हो चुकी है। उन्होंने बताया कि इस प्रस्ताव को सर्वे में सम्मलित कर लिया गया है। परियोजना में सुरंग निर्माण को प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे भूस्खलन जैसी प्राकृतिक चुनौतियों से होने वाली क्षति को कम किया जा सकेगा और लोगों को सुरक्षित, सुगम और निर्बाध आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हाटू माता रोपवे परियोजना के निर्माण की दिशा में सक्रियता से कार्य कर रही है और इस परियोजना को नाबार्ड के अंतर्गत प्रस्तावित किया गया है। इस परियोजना को धरातल पर उतारने में तीन से चार वर्ष का समय लग सकता है, लेकिन सरकार इसे प्राथमिकता के आधार पर क्रियान्वित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि हाटू माता सडक़ के सुधार कार्यों के लिए धनराशि स्वीकृत की गई है और इस कार्य में पेड़ों को कटान से बचाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होगीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने निर्विरोध निर्वाचित नारकंडा नगर पंचायत के लिए 50 लाख रुपए प्रदान करने की भी घोषणा की।
उन्होंने कहा कि इस धनराशि से नगर पंचायत क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा, जिसका लोगों को लाभ मिलेगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नारकंडा में पौधारोपण भी किया। इस अवसर पर विधायक कुलदीप राठौर, देहरा से विधायक एवं मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कमलेश ठाकुर, हिमाचल प्रदेश वन विकास निगम के उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची, हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष देवेन्द्र श्याम, उपायुक्त अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
No comments