Recent Posts

Breaking News

Chamba: जंगली जानवर को बचाते हुए राशन व कोल्ड ड्रिंक्स से भरा ट्रक पलटा

जंगली जानवर को बचाते हुए राशन व कोल्ड ड्रिंक्स से भरा ट्रक पलटा


डलहौजी : चंबा-पठानकोट एनएच 154-ए पर बुधवार सुबह एक जंगली जानवर को बचाते हुए सामान से भरा हुआ एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में ट्रक चालक को मामूली चोटें आई हैं।

चालक फारुख रहमान डमटाल से मंगलवार रात को राशन व कोल्ड ड्रिंक्स की सप्लाई नैनीखड्ड करने के लिए जा रहा था। गलती से वह ट्रक नैनीखड्ड से करीब 14 किलोमीटर आगे बनीखेत ले आया। बनीखेत पहुंचने पर जब उसने संबंधित दुकानदार के बारे में पूछताछ तो उसे पता चला कि वह नैनीखड्ड से काफी आगे निकल आया है। चालक ने नैनीखड्ड के दुकानदार को सारी बात बताई। वह बुधवार सुबह सामान से भरा ट्रक लेकर नैनीखड्ड के लिए निकला। बनीखेत से करीब तीन किलोमीटर आगे लाहड़ नामक स्थान पर पहुंचने पर अचानक ही ट्रक के आगे जंगली जानवर आ गया। जंगली जानवर को बचाने के चक्कर में चालक ने ट्रक को सड़क किनारे लगे डंगे पर चढ़ा दिया। इससे ट्रक सड़क पर पलट गया। हादसे के पता चलते ही स्थानीय लोग मदद के लिए और उन्होंने चालक को ट्रक से बाहर निकाला। घायल चालक को निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया। हादसे में ट्रक व सामान को नुकसान पहुंचा है। उधर बनीखेत पुलिस चौकी से स्टाफ ने घटनास्थल का जायजा लिया परंतु चालक ने किसी तरह का मामला दर्ज करवाने से इंकार कर दिया।

No comments