Recent Posts

Breaking News

Chamba: कैमरे की निगरानी में होंगे एग्जाम


चंबा-जिले के सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों में होने वाली वार्षिक परीक्षाओं के दौरान नकल को लेकर पूरी तरह से जीरो टालरेंस बरती जाएगी। उपायुक्त विवेक भाटिया ने सोमवार को मंडे मीटिंग की अध्यक्षता करते हुए ये निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों में स्थापित सीसीटीवी कैमरों को लेकर स्कूल के मुखिया बाकायदा अंडरटेकिंग देकर यह बताएंगे कि सभी सीसीटीवी कैमरे कार्यशील हैं और परीक्षा हाल का समूचा क्षेत्र उनकी कवरेज में आता है। 

उन्होंने कहा कि फ्लाइंग स्क्वायड के अलावा परीक्षा की अवधि के दौरान औचक निरीक्षण के लिए आब्जर्वर भी भेजे जाएंगे ताकि नकल पर पूरी तरह से अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने कहा कि नकल रोकने के व्यापक मैकेनिज्म को लेकर अतिरिक्त उपायुक्त एक बैठक करेंगे जिसमें शिक्षा उपनिदेशकों के अलावा स्कूल के मुखिया भी मौजूद रहेंगे। विवेक भाटिया ने शिक्षा उपनिदेशकों को हिदायत देते हुए कहा कि एक टोल फ्री नंबर स्थापित करने को लेकर कदम उठाए जाएं ताकि जिला से कोई भी व्यक्ति या विद्यार्थी नकल को लेकर सूचना दे सके। उन्होंने बताया कि इस तरह की सूचना देने वालों के नाम पूरी तरह से गुप्त रखे जाएंगे। 

जिले की आंगनबाड़ी केंद्रों में और बेहतर सुविधाएं जुटाने और उनके संचालन के मुद्दे की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने कहा कि कुल्लू जिला की तर्ज पर चंबा जिला में भी आंगनबाड़ी केंद्रों को समाज के धनाढ वर्ग द्वारा गोद लिए जाने की मुहिम शुरू की जाएगी। उन्होंने लोगों का आह्म्वान करते हुए कहा कि वह इस संबंध में महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं।  उन्होंने कहा कि जिले में बड़े सरकारी कार्यालय परिसर समेत अस्पताल भी मौजूद हैं। ऐसे में उनका भी आंकलन किया जाए। 

जिला मुख्यालय पर प्रस्तावित स्पोर्ट्स कांप्लेक्स के निर्माण की औपचारिकताओं की समीक्षा के दौरान जिला खेल अधिकारी ने उपायुक्त को अवगत करते हुए कहा कि एक सप्ताह के भीतर स्पोर्ट्स कंपलेक्स की ड्राइंग का कार्य पूरा हो जाएगा। उपायुक्त ने मातृ-शिशु की नियमित बैठकों के आयोजन और सहारा योजना में पात्र व्यक्तियों को शामिल करने को लेकर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को और तत्परता के साथ कार्य करने के लिए कहा। उन्होंने ये भी कहा कि आईटीआई चंबा नए इनोवेशन को लेकर अगले मंडे मीटिंग में प्रेजेंटेशन देगी। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त व मुकेश रेपसवाल, एसडीएम शुभम प्रताप सिंह, जिला पर्यटन विकास अधिकारी विजय कुमार व सहायक आयुक्त राम प्रसाद शर्मा के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

No comments