Himachal: अब लोकमित्र केंद्रों में भी बनेंगे किसान क्रेडिट कार्ड

हिमाचल प्रदेश के किसानों और बागवानों को अब किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने के लिए बैंकों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। प्रदेश भर में 3200 से अधिक लोकमित्र केंद्रों में भी अब किसान क्रेडिट कार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इन केंद्रों में अब दस्तावेजों सहित ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
केंद्र और प्रदेश सरकार ने किसानों की सुविधा के लिए कार्ड बनाने का काम लोकमित्र केंद्रों को भी दे दिया है, ताकि लोगों को घर के नजदीक यह सुविधा मिल सके। किसान क्रेडिट कार्ड से 7 फीसदी ब्याज दर पर किसान 3 लाख तक का लोन किसान ले सकता हैै।
किसान समय पर भुगतान करता है तो सरकार 3 फीसदी सब्सिडी देती है। इससे किसान को अधिकतम 4 फीसदी ही ब्याज देना पड़ता है। पशुपालन और मत्स्य पालन करने वाले किसानों के लिए भी कार्ड पर लोन मिलता है। कार्डधारक को व्यक्तिगत बीमा भी दिया जाता है।
यदि किसी कारण उसकी मृत्यु हो जाती है तो परिवार को 50 हजार रुपये और चोट आने से विकलांग होने पर 25 हजार रुपये मिलते हैं। अशोक चौहान स्टेट हेड लोकमित्र सीएससी और जिला प्रबंधक लक्की पुरी ने लोकमित्र केंद्रों में किसान क्रेडिट कार्ड बनने की पुष्टि की है।
No comments