Kangra: केंद्रीय परियोजनाओं में देरी से खफा किशन कपूर, फोरलेन भी शीघ्र बनाया जाए
धर्मशाला-सांसद किशन कपूर एक बार फिर सख्त लहजे से फील्ड में उतरे हैं। कपूर ने केंद्रीय परियोजनाओं के कार्यों में हो रही देरी और गुणवत्ता पर सवाल खड़े किए हैं। पिछले कुछ माह से चुपी साधे बैठे सांसद लगातार आ रही शिकायतों के बाद सोमवार को तलख दिखे। श्री कपूर ने धर्मशाला सहित क्षेत्र की महत्त्वाकांक्षी परियोजनाओं मसलन कांगड़ा एयरपोर्ट, फोरलेन आदि के कार्यों की रिपोर्ट लेते हुए कार्यों में हो रही देरी पर जनता में उपजे रोष पर नाराजगी जताई। साथ ही एडीवी परियोजनाओं के कार्यों की तुरंत जांच के भी निर्देश दिए हैं। सांसद ने जिला मुख्यालय पर चल रहे कुछ कार्यों का मौके पर जाकर भी जायजा लिया।
कांगड़ा की महत्त्वाकांक्षी परियोजनाओं के कार्यों पर शुरू हुई सियासत और शोर के बीच सांसद किशन कपूर ने मोर्चा संभाल लिया है। क्षेत्र में उपजे विवाद और विभिन्न समाजिक संगठनों द्वारा आवाज उठाने पर कपूर ने अधिकारियों से रिपोर्ट तलब की है। उपायुक्त सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों को अपने अपने कार्यों को गति देने के निर्देश दिए हैं। निर्माण कार्यों में लापरवाही और बड़ी परियोजनाओं के कागजात तैयार करने में हो रही देरी पर उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जनता से जुड़े कार्यों को सिरे चढ़ाने के लिए इतना समय लगेगा तो लोग सरकार के खिलाफ खड़े होंगे, लेकिन अधिकारी अपना काम समयबद्ध करें और टाइम पर रिपोर्ट देंगे, तो ऐसे हालात नहीं बनेंगे। ।
अघंजर महादेव व भागसू के कार्यों की जांच के आदेश
प्राचीन शिव मंदिर अघंजर महादेव में एशियन विकास बैंक द्वारा किए जा रहे कार्यों पर शिकायतें मिलने के बाद सांसद ने प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि किए जा रहे कार्यों में पूर्ण गुणवत्ता बरती जाए। निर्माणाधीन कार्यों की ड्रांइग को फोलो करने और क्वालिटी में सुधार के लिए उन्होंने जांच करने को निर्देश दिए हैं। कार्य की गुणवत्ता को लेकर कोई समझौता नहीं किया जाएगा। साथ ही भागसूनाग में एडीवी के कार्यों की गुणवत्ता लाने व निर्धारित समय में पूरा करने को संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।

No comments