Recent Posts

Breaking News

Mandi: देवताओं के रंग में रंगेगी छोटी काशी


मंडी – अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव की रस्मों का आगाज गुरुवार से हो जाएगा। छोटीकाशी मंडी गुरुवार दोपहर से देव ध्वनियों से गूंजना शुरू हो जाएगी। शिवरात्रि महोत्सव में शामिल होने के लिए सबसे पहले बड़ा देव कमरूनाग मंडी पहुंचेंगे। इसके साथ ही गुरुवार को ही छह और देवी-देवता भी मंडी पहुंच जाएंगे। इन देवी-देवताओं के मंडी पहुंचते ही छोटी काशी देवध्वनियों से गुंजायमान हो जाएगी। बड़ा देव कमरूनाग के पहुंचने से पहले शिवरात्रि महोत्सव की छोटी जलेब भी निकलेगी, जो कि राजमाधव मंदिर से भूतनाथ मंदिर जाएगी। प्रशासन की तरफ से गुरुवार को सुबह बाबा भूतनाथ को शिवरात्रि का न्योता दिया जाएगा।

इसके बाद दोपहर अढ़ाई बजे के लगभग मंडी जनपद के आराध्य देव बड़ा देव कमरूनाग का पुलघराट के पास आगमन होगा। यहां पर देवता समिति व मंडी प्रशासन द्वारा बड़ा देव का स्वागत किया जाएगा। इसके बाद बड़ा देव सीधे राजमाधव मंदिर पहुंचेंगे। यहां पर उपायुक्त मंडी ऋग्देव ठाकुर बड़ादेव का स्वागत करेंगे। राजमाधव मंदिर में पूजा अर्चना करने के बाद बड़ादेव राजा के बेडे़ में जाएंगे। यहां राजा द्वारा भी बड़ादेव की पूजा अर्चना होगी। इसके बाद बड़ादेव टारना माता मंदिर के लिए प्रस्थान करेंगे और शिवरात्रि महोत्सव के समापन तक टारना में ही विराजमान रहेंगे। वहीं उपायुक्त मंडी ऋग्देव ठाकुर ने बताया कि प्रशासन ने शिवरात्रि महोत्सव की तैयारियों का पूरा कर लिया है। गुरुवार से छोटी काशी में देवी-देवताओं का आगमन शुरू हो जाएगा।

ये देवी-देवता बढ़ाएंगे महोत्सव की शोभा

बड़ा देव कमरूनाग के अलावा गुरुवार को छह अन्य देवी-देवता भी मंडी पहुंचेंगे। इनमें बूढ़ा विंगल, उनके बजीर, सुखदेव ऋषि  डगांडू, सुखदेव ऋषि थट्टा और बूढ़ी भैरवा भी अपने देवलुओं संग मंडी पहुंच जाएंगी। इन सभी देवी-देवताओं का विक्टोरिया पुल के पास प्रशासन द्वारा स्वागत किया जाएगा। इनके साथ माता बंग्लामुखी पंडोह भी आज ही शिवरात्रि महोत्सव के लिए  मंडी पहुंचेगी। इनका स्वागत प्रशासन पड्डल गुरुद्वारे के पास करेगा।

No comments