Recent Posts

Breaking News

Mandi: पठानकोट-मंडी फोरलेन की सभी अड़चनें खत्म


मंडी, धर्मशाला – पठानकोट-मंडी फोरलेन की राह में सामने आ रही अड़चनों को सरकार ने दूर कर लिया है। अब यह एनएच  फोरलेन ही बनेगा और इसका निर्माण पांच चरणों में होगा। अरसे से संशय में रहे पठानकोट मंडी-फोरलेन के निर्माण कार्य का रास्ता दिल्ली में हुई उच्च स्तरीय बैठक के बाद प्रशस्त हो गया है। मंडी-पठानकोट फोरलेन में भू-स्खलन वाली जगहों पर फोरलेन की जगह टू लेन बनाने पर सहमति बनी है। इसके साथ ही इसका निर्माण फेसवाइज किया जाएगा। सोमवार को केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, सांसद रामस्वरूप शर्मा, सांसद किशन कपूर, एनएचएआई और हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग के ईएनसी ने बैठक कर इस बारे में चर्चा की है।

बैठक में नितिन गडकरी ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह पठानकोट-मंडी फोरलेन पर जल्द काम शुरू करें।  सांसद रामस्वरूप शर्मा ने बताया कि पठानकोट से मंडी फोरलेन का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होगा तथा जहां पर भू-स्खलन के स्थल हैं, वहां पर टू लेन यानी आने और जाने का अलग अलग मार्ग होगा। नितिन गडकरी ने भुभू जोत टनल और जलोड़ी जोत टनल के निर्माण को भी हरी झंडी दे दी है। पूर्व सरकार के समय  नितिन गडकरी ने हिमाचल के जिन 59 नेशनल हाई-वे के निर्माण की घोषणा की थी, उन्हें भी शीघ्र अमलीजामा पहनाने के आदेश अधिकारियों को उन्होंने इस विशेष बैठक में दिए। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और रामस्वरूप शर्मा ने कीरतपुर-नागचला फोरलेन का मामला भी उठाया। उन्होंने बताया कि कीरतपुर नागचला फोरलेन का नया टेंडर हो गया तथा मार्च में यह कार्य युद्धस्तर पर शुरू हो जाएगा।

घोषित एनएच का काम शुरू करवाएं

धर्मशाला— बैठक में सांसद किशन कपूर ने कांगड़ा जिला में सैद्धांतिक रूप से स्वीकृत एवं घोषित राष्ट्रीय राजमार्गों पर व्यवहारिक रूप से कार्य प्रारंभ करने का भी अनुरोध  किया। उन्होंने कहा कि घोषित राजमार्गों में द्रमण-सिहुंता-चुवाड़ी-जोत-कोटली-तीसा-किलाड़ और बैजनाथ-कंडापतन-धर्मपुर सड़क व ज्वालामुखी-देहरा-राजा का तालाब-जसूर व पालमपुर-धर्मशाला सड़क (बरास्ता नगरी) शामिल हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश के पिछड़े जिला चंबा को छूने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग, जो कि चक्की से भरमौर तक जाता है, के रखरखाव की ओर भी  ध्यान देने  की आवश्यकता है और यहां कार्य की गति को तीव्रता देने की जरूरत है।


No comments