Himachal: हिमाचल को कोरोना वायरस मुक्त बनाने के लिए इस दिन से शुरू होगा बड़ा अभियान

हिमाचल सरकार हिमाचल को कोरोना मुक्त बनाने के लिए अब बड़ा अभियान शुरू करने जा रही है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि एक अप्रैल से एक्टिव केस फाइंडिंग अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर लोगों को कोविङ-19 के लक्षणों की जानकारी देंगी। इस अभियान के तहत दो-दो लोगों की टीमें हर व्यक्ति के स्वास्थ्य के बारे में भी जानकारी लेंगी और गूगल फार्म से विभाग के साथ साझा करेंगी। इसके लिए आशा वर्करों की मदद ली जाएगी। यह अभियान प्रतिदिन सुबह 9 से शाम के 4 बजे तक चलेगा। मुख्यमंत्री ने सोमवार को प्रदेश के उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों के साथ वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से बातचीत करते हुए निर्देश दिए कि कोविड-19 वायरस संक्रमण के दृष्टिगत कुछ होटलों, गेस्ट हाउस और धर्मशालाओं को चिह्नित किया जाए, जहां लोगों को बेहतर सुविधाओं के साथ क्वारंटीन किया जा सके।
वहीं, अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य आरडी धीमान ने कहा कि 60 साल से अधिक आयु के व्यक्तियों से अनुरोध किया गया है कि वे घर पर ही रहें व घर में आगंतुकों को मिलने से बचें। ऐसे व्यक्ति अपनी दैनिक निर्धारित दवाइयां नियमित रूप से लें। अस्पताल आने से बचें और फोन पर ही डॉक्टर से सलाह लें।
212 लोगों की कोविड-19 को लेकर जांच की
कोरोना के चलते प्रदेश में अब तक 3085 में से 937 लोगों ने 28 दिन की जरूरी निगरानी अवधि को पूरा कर लिया है। अब तक प्रदेश में 212 लोगों की कोविड-19 को लेकर जांच की जा चुकी है। यह जानकारी अतिरिक्त मुख्य सचिव आरडी धीमान ने दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 10 लोगों के टांडा में कोविड-19 के प्रति नमूने लिए गए। सभी की जांच रिपोर्ट नेगेटिव पाई गई है। शिमला में लिए गए तीन लोगों के नमूनों की रिपोट भी नेगेटिव आई है।
No comments