अमेठी में शादी में डीजे डांस पर बवाल: दो युवकों की पीट-पीटकर हत्या, शव रखकर ग्रामीणों ने जाम की सड़क


गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने सोमवार सुबह शवों को रायबरेली-सुल्तानपुर मार्ग पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे सड़क पर लंबा जाम लग गया।
आशीष और रवि, जो पूरे लोधन राजगढ़ के निवासी थे, अपनी मौसी के घर सरैया गांव में शादी में शामिल होने गए थे। वहां डीजे पर डांस को लेकर बरातियों से उनकी कहासुनी हो गई। विवाद के बाद दोनों बाइक से वहां से निकले, लेकिन रास्ते में उनकी बाइक पेड़ से टकरा गई और वे गिर गए। तभी पीछा कर रहे कुछ दबंगों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से उन पर हमला कर दिया। दोनों को बुरी तरह पीटकर अधमरा कर दिया गया। आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे, लेकिन हमलावर तब तक फरार हो चुके थे।
घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। रास्ते में आशीष की मौत हो गई, और कुछ घंटों बाद रवि ने भी दम तोड़ दिया। आशीष के पिता शिव बहादुर ने आठ नामजद और पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने हत्या और जानलेवा हमले की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
सोमवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचे तो परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम कर दी। सीओ अखिलेश वर्मा और एसएचओ श्याम नारायण पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी बिना गिरफ्तारी के हटने को तैयार नहीं हैं। सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
एसएचओ श्याम नारायण पांडेय ने बताया कि जामों थाना क्षेत्र के दीपक, संदीप, शिवा, मालिक, दूल्हे के चचेरे भाई, शानू, हल्ला उर्फ लल्ला, ध्रुवे और पांच अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
Copyright 2024 All Rights Reseved by Himachal Fast News
No comments