दस वजीर मंडी के, पायल पहली महिला महामंत्री, धूमल, नड्डा, जयराम को अधिमान, अपनों को भी दिया स्थान

टीम बिंदल में मंडी के दस वजीर शामिल किए गए हैं। इन वजीरों में तीन महिलाओं को भी सगठानात्मक जिम्मेदारी सौंपी गई है। पहली महिला महामंत्री के रूप में पायल वैद्य को बनाकर उनका सियासी कद बढ़ा है। इसी के साथ ही प्रियंता शर्मा और डाक्टर सीमा ठाकुर को टीम में जगह दी गई है।
टीम बिंदल में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर को बराबर अधिमान देते हुए अपने-अपने समर्थकों को भी राज्य कार्यकारिणी में स्थान दिया गया है। मंडी और सुंदरनगर के भाजपा संगठनात्मक जिलों से सबंध रखने वाले दस भाजपाई टीम बिंदल की राज्य स्तरीय कार्यकारिणी में शामिल किए गए हैं।
भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी में मंडी जिला से सबंध रखने वाले दो विधायक भी शामिल किए गए हैं। नाचन के विधायक विनोद कुमार को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि सुंदरनगर के एमएलए राकेश जम्वाल को मुख्य प्रवक्ता बनाया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के ओएसडी रहे संजीव कटवाल को इस मर्तबा प्रमोट किया गया है, उन्हें भी महामंत्री का दायित्व सौंपा गया है।
टीम बिंदल में पुरानी कार्यकारिणी में करसोग से संबंधित रहे बिहारी लाल शर्मा को महामंत्री से डिमोट करते हुए इस मर्तबा उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मंडी से कुछ ऐसे चेहरे भी शामिल किए गए हैं, जिनको बिंदल का ही आशीर्वाद प्राप्त है।
इनमें नवनियुक्त प्रवक्ता अजय राणा, सचिव डाक्टर संजय ठाकुर और उपाध्यक्ष बिहारी लाल का नाम प्रमुखता से लिया जाता है। मंडी भाजपा में जयराम ठाकुर का फि लहाल एक छत्र राज है। ऐसे में पायल और विनोद कुमार को ही उनके खाते से भाजपा की राज्य कार्यकारिणी में स्थान मिल पाया है।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के कोटे से प्रियंका शर्मा को सचिव नियुक्त किया गया है। जोगिंदरनगर के आरएसएस से जुड़े अजय जम्वाल के भाई पंकज जम्वाल को प्रवक्ता नियुक्त किया गया है। बल्द्वाड़ा से संबंध रखने वाली डाक्टर सीमा ठाकुर को प्रवक्ता लगाया गया है। टीम बिंदल में पूरे प्रदेश से 77 भाजपाइयों को शामिल किया गया है, जिनमें से मंडी जिला के ही 10 भाजपाई हैं।
भाजपा की राज्य स्तरीय गतिविधियां टीम बिंदल के इन्हीं दस वजीरों के सहारे आगे बढ़ेगी और अब यह भी देखना रोचक होगा कि जिस मंडी को जयराम ठाकुर मेरी मंडी कहते हैं, उसमें टीम बिंदल किस तरह से संगठनात्मक मजबूती देती है, वह भी तब जब भाजपा अंदर खाते अगामी चुनावों के लिए सियासी चौसर सजा रही है।—एचडीएम
जो पार्षद न बन पाए वे भाजपा के तारणहार
मंडी में टीम बिंदल में शामिल कुछ एक चेहरे पार्षद का चुनाव भी नहीं जीत पाए हैं। भाजपा में आस्था रखने वाले कुछ लोग अब यही कह रहे हैं की जो पार्षद नहीं बन पाए वह भाजपा के तारणहार बन गए हैं।
अजय ने सात भाजपा प्रदेशाध्यक्षों के साथ किया काम
टीम बिंदल में प्रवक्ता बनाए गए अजय राणा एकमात्र ऐसे भाजपाई है, जो अब तक सात भाजपा प्रदेशाध्यक्षों के साथ काम कर चुके हैं। अजय राणा ने प्रेम कुमार धूमल, सुरेश चंदेल, सुरेश भारद्वाज, खिम्मी राम, डाक्टर राजीव बिंदल, सतपाल सत्ती और जयराम ठाकुर के साथ काम किया है। बिंदल टीम में जगह बनाने वाले अजय राणा के भी पर कतरे गए हैं और उन्हें डिमोट करते हुए प्रवक्ता बनाया गया है।
सुमन ठाकुर को टीम बिंदल में जगह नहीं
मंडी नगर निगम की अध्यक्ष रह चुकी सुमन ठाकुर को टीम बिंदल में भी स्थान नहीं मिल पाया है। मंडी नगर निगम में महापौर और उप महापौर के चुनाव को लेकर पैदा हुए गतिरोध के बीच सुमन की दावेदारी नकारे जाने के बाद से ही भाजपा के भीतर सुमन हाशिये पर चल रही हैं।
सुमन हालांकि मंडी महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष भी रह चुकी हैं। वर्तमान में सुमन नगर निगम में पार्षद हैं, लेकिन भाजपा ने उनसे कन्नी काट करके रखी है। सुमन कहती हैं कि भाजपा राज्य कार्यकारिणी में शामिल करने के लिए पूछा गया था, लेकिन निजी कारणों के चलते उन्होंने इससे इनकार कर दिया था।
मझधार में अनुपमा की सियासत
सरदार वल्लभभाई पटेल विश्वविद्यालय की कुलपति रही अनुपमा की सियासत भी मझधार में फ ंसी हुई है। आरएसएस पृष्ठभूमि से सबंध रखने वाली अनुपमा मंडी की सियासत में अपनी जमीन तलाश रही है, लेकिन जिस तरह से टीम बिंदल के चेहरे सामने आए हैं, उसके चलते उनकी सियासी हसरतें भी पानी भरती हुई ही नजर आ रही हैं। अनुपम हालांकि समाजसेवा के सहारे सियासी सीढ़ी चढऩा चाहती हैं, लेकिन जिस तरह की भाजपा की तस्वीर उभर रही है, उसमें अनुपमा का चेहरा धुंधला भी नजर नहीं आ रहा है।
No comments