Recent Posts

Breaking News

बाइक-स्कूटर पर दौडऩे लगा भारत, नवंबर में रिकॉर्ड सेल

 

नई दिल्ली। देश में नवंबर महीने में यात्री वाहनों, दुपहिया और तिपहिया की थोक बिक्री का नया रिकॉर्ड बना है। यात्री वाहनों में कार, उपयोगी वाहन और वैन को शामिल किया जाता है। वाहन निर्माता कंपनियों के संगठन सियाम द्वारा शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार नवंबर में घरेलू बाजार में कुल 4,12,405 यात्री वाहन बिके जो एक साल पहले के मुकाबले 18.7 प्रतिशत अधिक है।

यह नवंबर महीने की बिक्री का नया रिकार्ड है। दुपहिया की बिक्री 21.2 प्रतिशत बढक़र 19,44,475 इकाई पर पहुंच गई। इसमें मोटरसाइकिल की बिक्री 17.5 प्रतिशत और स्कूटरों की 29.4 प्रतिशत बढक़र क्रमश: 11,63,751 और 7,35,753 इकाई रही, वहीं मोपेड की बिक्री 2.1 फीसदी की गिरावट के साथ 44,971 इकाई रह गई। तिपहिया की बिक्री 21.3 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 71,999 इकाई पर पहुंच गयी। 

इसमें ई-रिक्शा में जहां 25.6 प्रतिशत की गिरावट रही, वहीं अन्य यात्री वाहक तिपहिया में 24.6 प्रतिशत की इजाफा देखा गया। सियाम के महानिदेशक राजेश मेनन ने कहा कि त्योहारी मांग के बाद भी मजबूत मांग और वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) में नयी पीढ़ी के सुधारों के समर्थन से देश का वाहन उद्योग नवंबर में भी गति बनाये रखने में सक्षम रहा। उद्योग नीतिगत सुधारों के रूप में सरकार के समर्थन और बाजार धारणा में सुधार के प्रति आशान्वित है।

No comments