मनरेगा बचाओ संग्राम : दो घंटे उपवास रखेगी प्रदेश सरकार, कल रिज पर विरोध प्रदर्शन करेंगे कांग्रेस नेता

मनरेगा से महात्मा गांधी का नाम हटाने और योजना को कमजोर करने के विरोध में सीएम-डिप्टी सीएम समेत पूरा मंत्रिमंडल दो घंटे उपवास करेगा। इसमें हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल भी मुख्य रूप से शामिल होंगी। 30 जनवरी को शिमला स्थित ऐतिहासिक रिज पर महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष यह उपवास होगा।
लिहाजाहिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष ने पार्टी के सभी जिला अध्यक्षों समेत विधायक और पूर्व विधायकों के अलावा अन्यों को इसमें शामिल होने के निर्देश जारी कर दिए हैं। उल्लेखनीय है कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने मनरेगा से महात्मा गांधी का नाम हटाने और इसे कमजोर करने के विरोध में देशभर में ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ चलाया है।
इसके तहत हिमाचल प्रदेश में भी कांग्रेस ने एक अभियान चला रखा है और ग्रामीण स्तर पर कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में हिमाचल कांग्रेस ने 30 जनवरी को सुबह 11 से एक बजे तक रिज मैदान पर महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष उपवास करने का फैसल लिया है।
अहम है कि राज्य में यह दूसरा मौका है, जब प्रदेश मंत्रिमंडल भी इस दौरान उपवास करेगा। हिमाचल कांग्रेस के अध्यक्ष विनय कुमार ने बताया कि 30 जनवरी के इस कार्यक्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की सदस्य एवं प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल भी शामिल हो रही हैं, जबकि मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री समेत मंत्रीमंडल के सभी सदस्य उपवास पर बैठेंगे। विनय कुमार ने बताया कि कांग्रेस विधायकों, पूर्व विधायकों, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों, निगम-बोर्डों के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष समेत शिमला नगर निगम के सभी पार्षदों तथा अग्रणी संगठनों के सभी सदस्यों को शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं।
‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ का फीडबैक लेंगी कांग्रेस प्रभारी
कल प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय शिमला में होगी अहम बैठक
मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत प्रदेश में चल रहे अभियान की फीडबैक हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल लेंगी। इसके लिए संगठन की एक अहम बैठक 30 जनवरी को शिमला में तय की गई है। वहीं अभियान की निगरानी के लिए जिला और ब्लॉक स्तर पर तैनात समन्वयकों के साथ भी प्रभारी बैठक करेंगे।
इसके अलावा संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा के लिए भी हिमाचल प्रभारी युवा और महिला कांग्रेस के अलावा सेवादल के पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठक करने जा रही है। उल्लेखनीय है कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने देश में मनरेगा से महात्मा गांधी का नाम हटाने और इसे कमजोर करने के विरोध में मनरेगा बचाओ संग्राम शुरू किया है।
इसके तहत हिमाचल प्रदेश में भी एक अभियान प्रदेश कांग्रेस ने चला रखा है। अभियान को जमीनी स्तर पर चला लोगों की सहभागिता सुनिश्चित बनाने के लिए कांग्रेस ने जिला और ब्लॉक स्तर पर समन्वयक भी तैनात किए है। यह अभियान पर निगरानी रखने के साथ-साथ जिला अध्यक्षों के साथ समन्वय स्थापित कर आंदोलन को धार देने की रणनीति बना रहे है। पता चला है कि प्रदेश में चल रहे मनरेगा बचाओ संग्राम की फीडबैक लेने के लिए हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल 30 जनवरी को दोपहर बाद शिमला स्थित राजीव भवन में कांग्रेस जिला अध्यक्षों और जिला व ब्लाक कोऑर्डिनेटर की एक बैठक लेने जा रही हैं।
अभियान पर होगी चर्चा
बैठक में अभियान को लेकर चर्चा की जाएगी। साथ ही प्रदेश में अब तक अभियान के तहत आयोजित किए कार्यक्रमों को लेकर भी फीडबैक लेंगी। इस बैठक के तुरंत बाद रजनी पाटिल अग्रणी संगठनों युवा व महिला कांग्रेस के अलावा सेवादल के पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठक भी करेगी। हिमाचल कांग्रेस के प्रदेश सचिव ने बताया कि 30 जनवरी को होने वाली बैठकों को लेकर पार्टी के सभी जिला अध्यक्षों, जिला व ब्लॉक को ऑर्डिनेटर, अग्रणी संगठनों के पदाधिकारियों को इस बैठक में आवश्यक तौर पर उपस्थित होने को कहा है।
No comments