Recent Posts

Breaking News

शिवरात्रि महोत्सव की मध्य जलेब से माहौल शिवमय, विधानसभा अध्यक्ष ने पूजा-अर्चना कर प्रदेश को मांगी सुख-समृद्धि


मंडी अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के दौरान राज माधो राय राजसी ठाठ के साथ देवों से मिलने के लिए पड्डल मैदान पंहुचे। यहां पर महोत्सव में शिरकत करने आए मंडी जनपद के देवों से राज माधो राय ने मुलाकात की और उसके बाद चानणी में विराजमान होकर मेले को भी निहारा। शिवरात्रि महोत्सव की मध्य जलेब के आयोजन के दौरान हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। 

अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव मंडी के अवसर पर राज देवता श्री माधो राय की अगवानी में निकाली गई मध्य जलेब में मंडी के कई अन्य गणमान्य व्यक्ति भी शामिल हुए। जलेब में शामिल होने से पहले विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया ने श्री राज माधो राय मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। जलेब के दौरान बजे वाद्ययंत्रों से निकली ध्वनियों ने पूरे वातावरण को शिवमय बना दिया।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि मेले हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न हिस्सा हैं। श्री पठानिया ने कहा कि शिवरात्रि महोत्सव में उन्हें पहली बार आने का अवसर मिला है और यह अनुभव अविस्मरणीय है। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया ने मेला मैदान में लगाई गई प्रदर्शनियों का अवलोकन भी किया। इससे पहले शिवरात्रि आम सभा के अध्यक्ष एवं विधायक चंद्रशेखर ने मुख्य अतिथि को सम्मानित किया।

चंबा ने संजोया 1100 सालों का इतिहास

विधानसभा अध्यक्ष ने मंडी नगर की स्थापना के 500वें प्रवेश वर्ष के उपलक्ष्य में मेला आयोजन समिति के सहयोग से भारतीय डाक विभाग द्वारा तैयार विशेष कवर का अनावरण भी किया। कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि मंडी व चंबा का ऐतिहासिक जुड़ाव रहा है। आधुनिक मंडी नगर जहां स्थापना के पांच सौवें वर्ष में प्रवेश कर गया है, वहीं चंबा शहर लगभग 1100 वर्षों से अपनी विरासत को संजोए है।

No comments