सूट पहन कर जाती थी और चोरी के बाद पहन लेती थी बुर्का... जेल जाने के बाद भी नहीं सुधरी रुखसार फिर पकड़ी गई
Jhansi News: झांसी का मानिक चौक बाजार भीड़-भाड़ वाला इलाका है. यहां कॉस्मेटिक दुकान पर 18 फरवरी को रोज की तरह कस्टमर्स की भीड़ थी. इसी दौरान काले रंग का मास्क लगाए एक महिला भी दुकान में पहुंची. भीड़ का फायदा उठाते हुए उसने एक महिला ग्राहक के पर्स की चैन खोली और बड़ी सफाई से उसमें रखी नकदी और सामान पार कर दिया. सीसीटीवी फुटेज में यह घटना कैद हो गई. वारदात के बाद महिला सर्राफा बाजार की ओर बढ़ी. वहां भी उसने चोरी की कोशिश की. हालांकि इस बार लोगों को शक हो गया और सूचना तुरंत पुलिस को दे दी गई. पुलिस ने आरोपी महिला को अरेस्ट कर लिया है जिसका नाम रुखसार है. पुलिस ने बताया है कि रुखसार कभी बुर्का तो कभी अलग भेष में वारदात को अंजाम देती रहती थी.
सीसीटीवी फुटेज में क्या दिखा?
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखा कि आरोपी पहले नीले रंग का थैला हाथ में लेती है, ताकि अपनी हरकत छिपा सके. इसके बाद मौका देखकर पर्स से रुपये निकाल लेती है. वारदात के बाद वह सर्राफा बाजार की ओर बढ़ी, वहां भी उसने चोरी की कोशिश की. हालांकि इस बार लोगों को शक हो गया और सूचना तुरंत पुलिस को दे दी गई. घटना की जानकारी मिलते ही थाना कोतवाली क्षेत्र में गश्त कर रही मिशन शक्ति टीम मौके पर पहुंची. महिला को हिरासत में लेकर थाने लाया गया. उसने पूछताछ में अपना नाम रुखसार बताया. वह जालौन जिले की रहने वाली है.
पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर लक्ष्मीकांत गौतम के अनुसार, तलाशी के दौरान महिला के पास से 40 हजार रुपये नकद. सफेद धातु के सिक्के और चेन. पीली धातु की एक नथ और सफेद धातु की पायल बरामद हुई. बरामद सामान को जब्त कर लिया गया है.
हुलिया बदलकर करती थी चोरी
पुलिस जांच में सामने आया कि रुखसार काफी शातिर किस्म की महिला है. वह भीड़ वाले इलाकों में कभी बुर्का पहनकर तो कभी सूट पहनकर पहुंचती थी. चोरी के बाद पुलिस से बचने के लिए तुरंत बुर्का पहन लेती थी जिससे उसकी पहचान छिपी रहे. इसी तरीके से वह लंबे समय से वारदातों को अंजाम दे रही थी. बताया जा रहा है कि आरोपी पहले भी चोरी के आरोप में जेल जा चुकी है. इसके बावजूद उसने अपनी गतिविधियां नहीं रोकीं और फिर से बाजारों को निशाना बनाना शुरू कर दिया.
मानिक चौक और सर्राफा बाजार के दुकानदारों का कहना है कि हाल के दिनों में चोरी की घटनाएं बढ़ी थीं. सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद उन्हें भी राहत मिली है कि आरोपी पकड़ी गई है. उनका कहना है कि भीड़भाड़ वाले इलाकों में इस तरह की घटनाएं अक्सर हो जाती हैं और ग्राहक भी सतर्क नहीं रहते.
पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर लक्ष्मीकांत गौतम ने कहा कि 18 फरवरी को मिशन शक्ति की टीम मानिक चौक बाजार में भ्रमण कर रही थी. इसी दौरान सूचना मिली कि सर्राफा बाजार में एक महिला द्वारा कुछ लोगों के जेवरात और पैसे चोरी कर लिए गए हैं. तत्काल टीम मौके पर पहुंची और महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की.
No comments