Himachal Weather : हिमाचल के सात जिलों में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट, जानिए अपने यहां का हाल

हिमाचल प्रदेश के सात जिलों में अगले 24 घंटो के दौरान तेज बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला द्वारा 10 फरवरी को प्रदेश के जिला चंबा कांगड़ा, मंडी, शिमला, कुल्लू , किन्नौर और लाहौल स्पीति में बारिश और बर्फबारी का यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं हिमाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से मौसम साफ बना हुआ है।
लेकिन अब मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान मौसम बदलने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार 9 फरवरी से एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से 9 और 10 फरवरी को प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम खराब रहने के आसार हैं। मौसम विभाग ने बताया है कि 10 फरवरी को इस सिस्टम का असर अधिक रहेगा और इस दिन कुछ स्थानों पर अंधड़, बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले तथा मध्य पर्वतीय इलाकों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। विभाग का अनुमान है कि 11 फरवरी से मौसम फिर साफ हो जाएगा और 11 से 14 फरवरी तक प्रदेश में शुष्क मौसम बना रहेगा।
रविवार को पूरे राज्य में मौसम साफ रहा, हालांकि ठंड का असर अभी भी बना हुआ है। विशेष रूप से जनजातीय और ऊंचाई वाले इलाकों में कड़ाके की सर्दी दर्ज की जा रही है। लाहौल-स्पीति और किन्नौर के कई क्षेत्रों में तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है। कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 13.4 डिग्री सेल्सियस और ताबो में माइनस 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि कल्पा में तापमान माइनस 1.0 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दो दिनों में बादल छाने और बारिश-बर्फबारी की गतिविधियों से तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है, जिससे ठंड का असर और बढ़ेगा। हालांकि 11 फरवरी के बाद मौसम साफ होने के साथ दिन के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना है।
कहां रहा कितना तापमान
अन्य स्थानों की बात करें तो मनाली में 0.7 डिग्री, भुंतर में 2.7 डिग्री, सोलन में 3.0 डिग्री और सुंदरनगर में 3.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। कांगड़ा में 4.7 डिग्री, मंडी में 5.2 डिग्री, धर्मशाला में 5.1 डिग्री और शिमला में 5.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा बिलासपुर में 6.0 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 6.4 डिग्री, ऊना में 6.6 डिग्री, कसौली में 7.2 डिग्री, देहरा गोपीपुर में 7.0 डिग्री, पालमपुर में 8.5 डिग्री, नेरी में 8.9 डिग्री और पांवटा साहिब में 9.0 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
No comments