Recent Posts

Breaking News

HP News: 134 सीबीएसई स्कूलों में भरे जाएंगे 5623 पद, स्कूल शिक्षा बोर्ड ने जारी किया स्क्रीनिंग टेस्ट का शेड्यूल

हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों के लिए करियर को नई ऊंचाई देने का बड़ा अवसर आया है। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने प्रदेश के 134 सीबीएसई संबद्ध सरकारी स्कूलों में सीबीएसई सब-कैडर 2026 के तहत विभिन्न श्रेणियों के 5623 पदों को प्रतिनियुक्ति के आधार पर भरने के लिए विस्तृत अधिसूचना जारी कर दी है। इन पदों के लिए चयन स्क्रीनिंग टेस्ट के माध्यम से किया जाएगा। 

इस अभियान के माध्यम से शिक्षा विभाग के लगभग हर वर्ग को कवर किया गया है। कुल 5623 पदों में प्रिंसीपल के 134 पद शामिल हैं। प्रवक्ताओं में अंग्रेजी में सर्वाधिक 384 पद, कॉमर्स में 288, इतिहास, हिंदी और राजनीति शास्त्र में 182-182 पद भरे जाने हैं। इसके अलावा टीजीटी आट्र्स के 480 पद और जेबीटी के 640 पदों पर शिक्षकों की तैनाती की जाएगी। शारीरिक शिक्षक (डीपीई-पीईटी), शास्त्री, संगीत और भाषा अध्यापकों के लिए भी बड़ी संख्या में रिक्तियां घोषित की गई हैं।

बोर्ड द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 11 फरवरी से शुरू हो गई है। बिना विलंब शुल्क के आवेदन करने की अंतिम तिथि 24 फरवरी तय की गई है। 25 से 27 फरवरी तक 600 रुपए विलंब शुल्क के साथ भी आवेदन किया जा सकता है। बोर्ड ने उम्मीदवारों को आवेदन में सुधार के लिए 28 फरवरी से पहली मार्च तक का समय रखा है।

केवल इन-सर्विस टीचर्स के लिए होगी भर्ती

शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डा. राजेश शर्मा का कहना है कि यह भर्ती केवल हिमाचल प्रदेश शिक्षा विभाग में कार्यरत नियमित इनसर्विस शिक्षकों के लिए ही है। विस्तृत जानकारी और प्रोस्पेक्टस बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट 222.द्धश्चड्ढशह्यद्ग.शह्म्द्द पर उपलब्ध करवा दिया गया है। बोर्ड ने सलाह दी है कि किसी भी तकनीकी समस्या या जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 01892-242192 पर संपर्क किया जा सकता है।

मेरिट के आधार पर चयन

इन पदों पर मेरिट के आधार पर चयन सुनिश्चित करने के लिए 22 मार्च को स्क्रीनिंग टेस्ट आयोजित किया जाएगा। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड इस परीक्षा का संचालन करेगा और परिणाम घोषित कर मेरिट सूची तैयार करेगा। इसके बाद निदेशालय द्वारा पात्रता की जांच और सर्विस रिकॉर्ड देखने के बाद ही प्रतिनियुक्ति के आदेश जारी किए जाएंगे। उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क के रूप में 500 रुपए का भुगतान केवल ऑनलाइन माध्यम से करना होगा।

No comments