Recent Posts

Breaking News

लाइफटाइम बैटरी की वारंटी, नए अवतार में Tata Punch EV, 355 KM रेंज, कीमत भी लाजवाब

मुंबई। टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स ने शुक्रवार को अपने लोकप्रिय इलेक्ट्रिक वाहन पंच.ईवी को नए अवतार में पेश किया है, जिसकी मुंबई में एक्स-शोरूम कीमत 9.69 लाख रुपए से शुरू होती है। कंपनी ने बताया कि यह एक बार चार्ज करने पर शहर के ट्रैफिक में 355 किमी तक चलती है। इसे तीन संस्करणों स्मार्ट, एडवेंचर और एम्पावर्ड में पेश किया गया है।

कैसी है बैटरी
बैटरी-एज-ए-सर्विस के विकल्प के साथ शुरुआती मॉडल की एक्स-शोरूम कीमत 6.49 लाख रुपए हो जाती है। इसमें बैटरी के लिए एक समान किस्त तकरीबन 2.6 रुपए प्रति किमी होगी (यह मानते हुए कि वाहन रोजाना औसतन 60 किमी चलता है)। स्मार्ट मॉडल में 30 किलोवाट आवर (केडब्ल्यूएच) की बैटरी दी गयी है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत 9.69 लाख रुपए है। स्मार्ट प्लस 30 केडब्ल्यूएच की बैटरी के साथ 10.29 लाख रुपए और 40 केडब्ल्यूएच की बैटरी के साथ 10.89 लाख रुपए की है।

15 साल की वारंटी
एडवेंचर, एम्पावर्ड और एम्पावर्ड प्लस में 40 केडब्ल्यूएच की बैटरी है और इनकी कीमत क्रमश: 11.59 लाख, 1.29 लाख और 12.59 लाख रुपये है।
पंच ईवी में पहली बार 30 केडब्ल्यूएच बैटरी का विकल्प दिया गया है। कंपनी बैटरी पर लाइफटाइम (15 साल की) वारंटी दे रही है। कंपनी ने बताया गया है कि 40 केडब्ल्यूएच की बैटरी 26 मिनट में 20 प्रतिशत से 80 प्रतिशत तक चार्ज हो जाती है।

गाड़ी की खासियत
टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स और टाटा पैसेंजर इलेक्ट्रिक मोबिलिटी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक शैलेश चंद्रा ने कहा कि नई पंच.ईवी हर परिवार के लिए इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को वास्तव में सुलभ और व्यावहारिक बनाती है।

 लगभग 355 किमी की वास्तविक ड्राइविंग रेंज, फास्ट चार्जिंग क्षमता, आजीवन बैटरी वारंटी और अत्यंत किफायती कीमत के साथ यह उन मुख्य चिंताओं को दूर करती है जिन्होंने अब तक ग्राहकों को एंट्री-लेवल ईवी को चुनने से रोके रखा था। उन्होंने कहा कि नयी पंच ईवी देश में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को सर्वसुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। 

कंपनी बैटरी-एज-ए-सर्विस विकल्प के तहत खरीदे गए वाहनों पर बीमा कंपनी के माध्यम से बायबैक की पेशकश भी कर रही है। तीन साल बाद बायबैक पर 60 प्रतिशत और पांच साल बाद 40 प्रतिशत कीमत वापस की जायेगी।

No comments