UP Weather Update: यूपी में दो दिन बरसेंगे मेघ... मौसम विभाग ने इन जिलों में जारी की बारिश की चेतावनी.
UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में गुलाबी ठंड की विदाई और चढ़ते पारे के बीच मौसम विभाग ने एक नया अपडेट जारी किया है. अगले दो-तीन दिनों तक गर्मी का एहसास बढ़ने के बाद, प्रदेश के कुछ हिस्सों में बादलों की आवाजाही और हल्की बारिश की संभावना जताई जा रही है. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ यूपी के आसमान पर दस्तक देने वाला है, जिससे आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में और बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी.
पश्चिमी विक्षोभ का दिखेगा असर
मौसम विभाग द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, 17 और 18 फरवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम पलटी मारेगा. इस दौरान कहीं-कहीं छिटपुट बूंदाबांदी हो सकती है. हालांकि, पूरे प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी नहीं है, लेकिन बादलों की आवाजाही से धूप का असर कम रहेगा.
कहां-कहां हो सकती है बारिश
मौसम विभाग ने जिन जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है उनमें मुजफ्फरनगर, शामली, आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, संभल, बुलंदशहर, अलीगढ़, एटा, हाथरस, कासगंज, मेरठ, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर (नोएडा), बुलंदशहर, बागपत, हापुड़, सहारनपुर शामिल हैं.
तापमान में 3 डिग्री तक का उछाल
विभाग ने बताया कि अगले 2-3 दिनों तक कोई बड़ा वेदर सिस्टम सक्रिय नहीं होने के कारण तापमान में 2°C की क्रमिक बढ़ोतरी होगी. इसके बाद, जब 17 फरवरी को विक्षोभ का असर शुरू होगा, तो न्यूनतम तापमान (रात का पारा) 2-3°C और बढ़ जाएगा. हालांकि, अधिकतम तापमान में किसी बड़े उलटफेर की संभावना नहीं है.
No comments