हिमाचल के पर्यटन को मंदिरों ने लगाए पंख, पांच शक्तिपीठों में एक साल में दर्शन को पहुंचे 1.66 करोड़ भक्त

हिमाचल की आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को विधानसभा में रखी। इसमें पर्यटकों की संख्या को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। पर्यटकों की कुल संख्या तीन करोड़ के पास जाने का कारण राज्य के पांच बड़े मंदिर हैं। यहां एक साल में 1.66 करोड़ लोग देवदर्शन को पहुंचे।
हिमाचल के शक्तिपीठों व अन्य धार्मिक आस्थाओं के केंद्र मंदिरों में साल 2025 में रिकार्ड श्रद्धालुओं की आमद हुई है। साल भर में देवभूमि में 1.66 करोड़ से अधिक लोग देवस्थानों के दर्शन को पहुंचे हैं। कुल मिलाकर वर्ष 2025 में हिमाचल प्रदेश में सैलानियों की आमद का धमाकेदार रिकार्ड बना है।
पहली बार हिमाचल में साल भर में सैलानियों की आमद का आंकड़ा तीन करोड़ पार हुआ है। इसमें सबसे बड़ा योगदान धार्मिक पर्यटन का है। हिमाचल में साल 2025 में कुल तीन करोड़ 11 लाख, 47 हजार सैलानी आए। उनमें से एक करोड़, 66 लाख, 51 हजार धार्मिक पर्यटन का आंकड़ा है।
दियोटसिद्ध मंदिर में 63 लाख श्रद्धालु आए
प्रदेश के पांच मंदिरों ने चमत्कार किया है। सभी 1.66 करोड़ सैलानी बाबा बालकनाथ, मां चिंतपूर्णी, चामुंडा देवी, बज्रेश्वरी और ज्वाला माता मंदिर में दर्शन के लिए आए। मां चिंतपूर्णी के दर्शन के लिए 74 लाख लोग आए। बाबा बालकनाथ दियोटसिद्ध मंदिर में 63 लाख से अधिक लोग आए। मां ज्वाला के दर्शनों को 16 लाख से लोग आए।
कब कितने, पर्यटक आए
वर्ष सैलानी
2017 1.96 करोड़
2018 1.64 करोड़
2019 1.72 करोड़
2020 32 लाख काल
2021 56 लाख
2022 1.50 करोड़
2023 1.60 करोड़
2024 1.81 करोड़
2025 3.10 करोड़
नोट :- इसमें 1.44 करोड़ सामान्य और 1.66 करोड़ मंदिरों में पर्यटक शामिल हैं।
No comments