फरार गुड्डू मुस्लिम फिर हुआ एक्टिव! 50 लाख के लिए प्रयागराज के फैसल को पीटा गया तो अतीक के बमबाज को लेकर ये पता चला..
UP News: माफिया अतीक अहमद का करीबी और उमेश पाल शूटआउट के बाद से फरार चल रहे गुड्डू बमबाज एक बार फिर चर्चाओं में आया है. बता दें कि उमेश पाल शूटआउट के बाद से ही बमबाज गुड्डू फरार है. इसी बीच अब उसके करीबियों ने प्रयागराज में फिर से दबंगई दिखाने की कोशिश की है. पीड़ित का कहना है कि गुड्डू मुस्लिम अपने गुर्गों के जरिए अवैध वसूली कर रहा है.
दरअसल संगम नगरी प्रयागराज में एक बार फिर जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. धूमनगंज थाना क्षेत्र में थार सवार दो दबंगों ने एक युवक को बीच सड़क दौड़ा-दौड़ाकर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से पीट दिया. घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हमलावरों की दबंगई नजर आ रही है. इसके बाद गुड्डू बमबाज का नाम सामने आ गया है.
गुड्डू के लोगों ने हमला किया
पीड़ित फैसल कसारी-मसारी का रहने वाला है. वह गिट्टी-बालू का ठेकेदार है. उसने आरोप लगाया, उसकी जमीन ऐनुद्दीनपुर में है, जिस पर जबरन कब्जे की कोशिश की जा रही है. इसी को लेकर उस पर बैनामा करने का दबाव बनाया जा रहा था. पीड़ित के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 10 बजे वह नंदग्राम के पास था अचानक थार कार से पहुंचे दो युवकों ने उस पर हमला कर दिया. उसे दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया और धमकी दी गई कि अगर जमीन का बैनामा नहीं किया तो जान से मार दिया जाएगा. शोर सुनकर स्थानीय लोग पहुंचे तो हमलावर मौके से फरार हो गए.
पीड़ित का कहना है कि जिन लोगों ने उसपर हमला किया वह अतीक अहमद और बमबाज गुड्डू मुस्लिम के करीबी हैं. इसके बाद इस मामले ने तूल पकड़ लिया. पीड़ित का आरोप है कि ये लोग गुड्डू मुस्लिम के लिए अवैध वसूली कर रहे हैं.
50 लाख की जमीन हड़पना चाहते हैं…
पीड़ित फैसल का कहना है कि बमबाज गुड्डू मुस्लिम के गुर्गों उससे 50 लाख की जमीन हड़पना चाहते हैं. उसके गुर्गों ने ही हमला किया. ये पैसे गुड्डू को ही भेजे जाएंगे.
किस-किस पर हुआ केस दर्ज?
बता दें कि इस मामले में पुलिस ने पीड़ित फैसल की शिकायत पर अफजल, आलम, अकरम, अक्सान, अंजफ के खिलाफ केस दर्ज किया है. पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.
No comments