शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने दी सरकार को 52 दिन की मोहलत... नहीं मानी ये मांग तो 3 मई से फिर शुरू करेंगे गोरखपुर से यात्रा.
UP News: लखनऊ के कांशीराम प्रेरणा स्थल पर बुधवार को आयोजित शंखनाद सभा में ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने गौ माता की रक्षा को लेकर हुंकार भरी. शासन-प्रशासन की तमाम पाबंदियों और चुनौतियों के बीच शंकराचार्य ने एक ऐसा बड़ा ऐलान किया, जो अब चर्चा का विषय बन गया है. उन्होंने गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने के लिए सरकार को न केवल अल्टीमेटम दिया, बल्कि मांग पूरी न होने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गढ़ से एक बड़ी यात्रा शुरू करने की चेतावनी भी दी.
शंकराचार्य ने दिया 52 दिन का अल्टीमेटम
शंकराचार्य ने मंच से घोषणा की कि उन्होंने सरकार को गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने के लिए 52 दिन का अल्टीमेटम दिया है. उन्होंने कहा कि यदि इस अवधि के भीतर उनकी मांग स्वीकार नहीं की गई, तो वह 3 मई से गविष्टि यात्रा शुरू करेंगे. यह यात्रा 81 दिनों की उत्तर प्रदेश परिक्रमा होगी.
कहां से शुरू होगी ये यात्रा?
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि शंकराचार्य ने इस यात्रा के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सियासी क्षेत्र गोरखपुर को चुना है. यह यात्रा गोरखपुर से ही शुरू होगी और प्रदेश के विभिन्न जिलों से होते हुए वापस गोरखपुर में ही समाप्त होगी. 23 जुलाई तक चलने वाली इस यात्रा के बाद 24 जुलाई को दोबारा लखनऊ में इसी तरह की बड़ी सभा का आयोजन किया जाएगा.
No comments