दूसरी शादी की खातिर कलयुगी मां ने 8 साल की बेटी को ट्रेन के आगे धकेला; मासूम की मौत.

नर्मदापुरम : मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक मां अपनी ही 8 साल की मासूम बेटी की कातिल बन गई। दूसरी शादी की चाहत में अंधी हुई महिला ने अपनी बेटी को रास्ते का कांटा समझा और उसे चलती ट्रेन के सामने मौत के मुंह में धकेल दिया। जिंदगी और मौत के बीच जूझने के बाद आखिरकार सोमवार को मासूम ने दम तोड़ दिया।
17 मार्च की वो काली रात: तमिलनाडु एक्सप्रेस के आगे दिया धक्का
जीआरपी थाना प्रभारी संजय चौकसे के मुताबिक, आरोपी महिला अंजू राजपूत, जो कृषि विभाग में बाबू के पद पर पदस्थ है, 17 मार्च 2026 की रात करीब 8 बजे अपनी 8 वर्षीय बेटी युविका को लेकर नर्मदापुरम रेलवे स्टेशन पहुंची थी। जैसे ही तमिलनाडु एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म पर आने वाली थी, अंजू ने अपनी ममता का गला घोंटते हुए बेटी को पटरी पर धकेल दिया।
इलाज के दौरान तोड़ा दम, अब दर्ज हुआ हत्या का केस
ट्रेन की चपेट में आने से युविका गंभीर रूप से घायल हो गई थी। उसे पहले नर्मदापुरम जिला अस्पताल और फिर नाजुक हालत के कारण भोपाल रेफर किया गया था। वहां उसकी सर्जरी भी हुई, लेकिन 14 दिनों तक संघर्ष करने के बाद सोमवार को मासूम की सांसें थम गईं। बच्ची की मौत के बाद पुलिस ने आरोपी मां के खिलाफ दर्ज ‘हत्या के प्रयास’ के मामले को अब ‘हत्या’ (धारा 302) में बदल दिया है।
खुलासा: दूसरी शादी में ‘बाधा’ बन रही थी बेटी
पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपी मां ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया:
- अनुकंपा नियुक्ति: कुछ समय पहले उसके पति की सड़क हादसे में मौत हो गई थी, जिसके बाद उसे कृषि विभाग में नौकरी मिली थी।
- शादी का जुनून: अंजू दोबारा शादी करना चाहती थी, लेकिन उसे लग रहा था कि 8 साल की बेटी की वजह से उसकी दूसरी शादी में अड़चन आ रही है।
- साजिश: वह कई बार पहले भी बेटी को स्टेशन लेकर गई थी, लेकिन हिम्मत नहीं जुटा पाई। 17 मार्च को उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया।
ट्रेन ड्राइवर के बयान ने खोली पोल
शुरुआत में आरोपी मां पुलिस को गुमराह करती रही और घटना को हादसा बताती रही। लेकिन ट्रेन के लोको पायलट (चालक) ने अपने बयान में साफ कहा कि उसने महिला को खुद अपने हाथों से बच्ची को ट्रेन के आगे धकेलते देखा था। इस चश्मदीद गवाह और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जीआरपी इटारसी ने अंजू को गिरफ्तार कर लिया।
जेल भेजी गई ‘हत्यारन’ मां
पुलिस ने आरोपी महिला का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। विभाग में कार्यरत एक सरकारी कर्मचारी द्वारा अपनी ही संतान की इस तरह नृशंस हत्या ने पूरे प्रदेश को स्तब्ध कर दिया है।
No comments