Recent Posts

Breaking News

राज चौहान और विपिन यादव... गोरखपुर में BJP नेता राजकुमार चौहान को मारने वालों के नाम सामने आए, क्यों हुआ था कत्ल?


Gorakhpur BJP Leader Murder Case Update: गोरखपुर में मंगलवार की सुबह शाहपुर इलाके में हुई पूर्व भाजपा पार्षद राजकुमार चौहान की हत्या मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. पुलिस की तफ्तीश में ये सामने आया है कि राजकुमार चौहान की हत्या उनके भतीजे के कुछ दुश्मनों ने की है जिनका नाम राज चौहान और विपिन यादव बताया जा रहा है. दरअसल कुछ लोगों की दुश्मनी पूर्व पार्षद के भतीजे से थी. लेकिन आरोपियों ने इसका बदला चाचा राज कुमार चौहान को मारकर लिया. आरोपियों ने राजकुमार चौहान को बीच सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर चाकू घोंपा था जब वह मॉर्निंग वॉक के लिए गए हुए थे. फिलहाल पुलिस इस मामले में 8 नामजद आरोपियों से पूछताछ कर रही है. 

कैसे हुई थी हत्या

मंगलवार की सुबह करीब 5.30 बजे जब राजकुमार चौहान मॉर्निंग वॉक पर थे तभी हमलावरों ने उन्हें घेर लिया. पहले उनके सिर में गोली मारी गई और फिर सीने पर चाकू से वार किए गए. गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद राजकुमार अपनी जान बचाने के लिए करीब 100 मीटर तक दौड़े. लेकिन हमलावरों ने उन्हें दोबारा दबोच लिया चाकू घोंपकर उनकी हत्या कर दी.  पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनके शरीर पर कुल 11 गहरे घाव मिले हैं.

भतीजे के दुश्मनों ने चाचा को मारकर लिया बदला

एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि घटना के पीछे राजकुमार चौहान के भतीजे के कुछ दुश्मनों की संलिप्तता पाई गई है. पुलिस की जांच में सामने आया है कि गांव के ही रहने वाले राज चौहान और विपिन यादव की बीजेपी नेता राजकुमार चौहान के भतीजे से नाराजगी थी. इसका बदला उन्होंने बीजेपी नेता की हत्या करके ली है. परिवार ने 8 अन्य लोगों पर भी नामजद आरोप लगाए थे. लेकिन फिलहाल इन दोनों की ही मुख्य भूमिका सामने आई है.

सबको नंगा कर दूंगा- राधा मोहन दास अग्रवाल

राजकुमार चौहान की हत्या की जानकारी मिलते ही उनके घर पहुंचे भाजपा के राज्यसभा सांसद और महासचिव डॉक्टर राधा मोहन दास अग्रवाल ने कहा कि 'गोरखनाथ मंदिर के पीछे जघन्य हत्याकांड हुआ है. राज्यसभा में सबको नंगा कर दूंगा. ' वहीं यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान ने कहा कि 'परिवार की हर संभव मदद की जाएगी और हत्यारोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होगी.'

प्रशासन ने बढ़ाया मदद का हाथ

भाजपा नेता की मौत के बाद गोरखपुर जिला प्रशासन ने परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए बड़े ऐलान किए हैं. जिलाधिकारी (DM) दीपक मीणा ने बताया कि पीड़ित परिवार को तत्काल सुरक्षा मुहैया करा दी गई है. इसके साथ ही प्रशासन मृतक की दो छोटी बेटियों और एक बेटे की पढ़ाई का पूरा खर्च उठाएगा. परिवार के किसी योग्य सदस्य को सरकारी व्यवस्था के तहत नौकरी दिलाने का आश्वासन भी दिया गया है. डीएम ने ये भी बताया कि परिवार की आर्थिक मदद की मांगों से शासन को अवगत करा दिया गया है. फिलहाल मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश की जा रही है.

No comments