Recent Posts

Breaking News

सिलेंडर मिलते ही शख्स ने उसपर बांधी जंजीर... प्रयागराज से सामने आई ग्राउंड रिपोर्ट आपके होश फाख्ता कर देगी


ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच छिड़ी जंग का असर देश में एलपीजी गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पर पड़ा है. यूपी समेत देश के कई राज्यों में एलपीजी गैस सिलेंडर को लेकर हाहाकार मचा हुआ है. संगम नगरी प्रयागराज में भी गैस उपभोक्ता गैस सिलेंडरों को लेकर बेहद परेशान नजर आ रहे हैं. शासन और प्रशासन के दावों की विपरीत ग्राउंड रियलिटी बिल्कुल उलट है. प्रयागराज में गैस एजेंसियों पर जहां भारी भीड़ उमड़ रही है. वहीं होम डिलीवरी की व्यवस्था भी पूरी तरह से चरमरा गई है

युवक ने सिलेंडर पर बांधी जंजीर

हालात इस तरह से बिगड़ गए हैं कि गैस की गाड़ी आने के पहले ही लोग लाइनों में लगे नजर आ रहे हैं. गैस सिलेंडर लेने के लिए उपभोक्ता सुबह तीन-चार बजे से ही लाइनों में लगे हुए हैं. कोई अपना कामकाज छोड़कर गैस सिलेंडर लेने के लिए लाइन में लगा है, तो कोई रोजे के बावजूद गैस सिलेंडर के लिए जद्दोजहद कर रहा है. लोग अपने साथ पीने का पानी लेकर भी गैस सिलेंडर के लिए लाइन में लगे हैं. वहीं जिसको सिलेंडर मिला उसने जंजीर से उसे बांध लिया ताकि कोई उससे उसका सिलेंडर ना छीन ले.

लाइन लगाकर खड़े हो रहे लोग पर सबको नहीं मिल रहा सिलेंडर 

हालांकि घंटों लाइन में लगे रहने के बावजूद उपभोक्ताओं को कई बार सिलेंडर खत्म हो जाने के चलते गैस नहीं मिल पा रही है. सिविल लाइन्स के पॉश इलाके में धरना स्थल के पास इंडेन गैस एजेंसी की गाड़ी आने से पहले तीन-चार सौ उपभोक्ता सुबह से गैस सिलेंडर के लिए लाइनों में लगे थे. लेकिन महज 120 उपभोक्ताओं को ही मंगलवार को गैस सिलेंडर मिल पाया है. जबकि अन्य उपभोक्ताओं को निराश होकर वापस लौटना पड़ा. ‌इन उपभोक्ताओं का कहना है कि बुधवार को वह दोबारा लाइन में लगेंगे.वहीं गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी रोकने के लिए डीएम मनीष कुमार वर्मा ने राजस्व, पुलिस और आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीम का गठन का दावा किया है. डीएम ने कहा है कि घरेलू गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है. उन्होंने लोगों से हालात को पैनिक ना होने देने की अपील की है. 

No comments