'यूपी में का बा' फेम नेहा सिंह राठौर को सुप्रीम कोर्ट से राहत, इस मामले में मिली अग्रिम जमानत
Neha Singh Rathore: 'यूपी में का बा' गाने से चर्चा में आईं लोक गायिका नेहा सिंह राठौर को सुप्रीम कोर्ट से अग्रिम जमानत मिल गई है. नेहा के खिलाफ दो समुदायों के बीच नफरत फैलाने के आरोप में लखनऊ के हजरतगंज थाने में एफआईआर (FIR) दर्ज की गई थी.
क्या है पूरा मामला?
नेहा सिंह राठौर पर आरोप था कि उन्होंने कश्मीर घाटी के पहलगाम में हुई आतंकवादी घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित रूप से आपत्तिजनक पोस्ट की थी. इसी मामले में दर्ज एफआईआर को लेकर कोर्ट ने अब उनकी गिरफ्तारी पर राहत दे दी है.
जस्टिस जेके माहेश्वरी और जस्टिस अतुल एस चंदूरकर की पीठ ने यह आदेश पारित किया. इससे पहले जनवरी में सुप्रीम कोर्ट ने नेहा को अंतरिम राहत देते हुए निर्देश दिया था कि वह जांच अधिकारी के सामने पेश होंगी और बुलाए जाने पर मौजूद रहेंगी. सुनवाई के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के वकील ने पीठ को बताया कि, सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार नेहा अधिकारियों के सामने हर नोटिस पर पेश हुईं. उनका बयान भी दर्ज कर लिया गया है.
हाईकोर्ट से झटका लगने के बाद पहुंची थीं सुप्रीम कोर्ट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पहलगाम हमले को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक पोस्ट के मामले में इससे पहले इलाहाबाद हाईकोर्ट ने नेहा सिंह राठौर को अग्रिम जमानत देने से इनकार कर दिया था. हाईकोर्ट के इसी फैसले के खिलाफ नेहा ने सुप्रीम कोर्ट में अपील दाखिल की थी, जहां से अब उन्हें अग्रिम जमानत मिल गई है.
No comments