Recent Posts

Breaking News

तुम मेरे साथ संबंध बनाओ… पति को छोड़ दूंगा, महिला ने कहा- दारोगा ने ब्लैकमेल कर किया यौन उत्पीड़न.

 

कर्नाटक के मंगलुरु कमिश्नरेट क्षेत्र के मूडबिद्री पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर संदेश पी.जे. एक गंभीर विवाद में फंस गए हैं। एक महिला ने उन पर यौन उत्पीड़न, ब्लैकमेलिंग और जबरन वसूली जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। यह मामला तेजी से सुर्खियों में आ गया है और पूरे जिले में सनसनी फैल गई है।

पीड़िता महिला का दावा है कि इंस्पेक्टर ने उसके पति को किसी कुख्यात अपराधी के साथ फंसाने की धमकी दी। साथ ही, उससे पैसे और शारीरिक संबंध बनाने की मांग की गई। महिला के अनुसार, इंस्पेक्टर ने उससे 25 लाख रुपये देने या फिर उसके साथ संबंध बनाने का दबाव बनाया। इस दौरान, उसने पहले ही 50 हजार रुपये भी ले लिए हैं।

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि इंस्पेक्टर ने अपनी पोस्टिंग के लिए गृह मंत्री को 50 लाख रुपये की रिश्वत दी थी। ऐसे आरोप सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है, क्योंकि यह भ्रष्टाचार और महिला उत्पीड़न का संगम प्रतीत होता है।

मामले से जुड़ी एक ऑडियो क्लिप भी वायरल हो रही है, जिसमें कथित तौर पर पीड़िता को धमकियां दी जा रही हैं। इस ऑडियो में स्पष्ट तौर पर दिख रहा है कि आरोपी इंस्पेक्टर महिला को भयभीत कर रहा है और अपने पक्ष में बयान देने के लिए दबाव बना रहा है।

इंस्पेक्टर संदेश पी.जे. ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। उन्होंने कहा है कि उनके ऊपर लगाए गए सभी आरोप बेबुनियाद हैं। उनका दावा है कि महिला के पति ने आत्महत्या की धमकी दी थी, जिसके कारण उन्होंने उसकी मदद करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि वह किसी भी तरह की अवैध गतिविधि में शामिल नहीं हैं और यह सब झूठा मामला है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मंगलुरु पुलिस कमिश्नर सुधीर कुमार रेड्डी ने तत्काल जांच के आदेश दिए हैं। इस जांच की जिम्मेदारी उत्तर डिवीजन के एसीपी श्रीकांत को सौंपी गई है। पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि अभी तक किसी भी महिला ने आधिकारिक रूप से यौन उत्पीड़न की शिकायत दर्ज नहीं कराई है। लेकिन यदि कोई पीड़िता सामने आती है, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष नागलक्ष्मी चौधरी ने भी इस मामले का संज्ञान लिया है। उन्होंने कहा है कि यह बहुत ही संवेदनशील मामला है, और कई महिलाएं सामाजिक दबाव और परिवार की चिन्ता के कारण सामने आने से डर रही हैं। आयोग ने स्वतः संज्ञान लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है, ताकि पीड़ित महिलाओं को न्याय मिल सके।

यह भी जानकारी मिली है कि इंस्पेक्टर पर पहले भी महिलाओं को निशाना बनाकर ब्लैकमेल करने के आरोप लग चुके हैं। आरोप है कि पारिवारिक विवाद लेकर थाने पहुंचने वाली महिलाओं को वह दबाव में लेकर उनसे पैसे या अन्य अनुचित मांगे करता था।

फिलहाल, पुलिस विभाग इस पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है। पीड़िता ने मुख्यमंत्री, गृह मंत्री और महिला आयोग से न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने भी सभी संभावित पीड़ितों से आगे आकर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है ताकि सच्चाई का पता चल सके और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो सके।

यह भी पढ़े : ‘हमने धर्म परविर्तन किया है’, दो मुस्लिम बहनों ने हिदूं भाइयों से की शादी, फिर पति संग पहुंची थाने, बोली- ‘इन पर लगे आरोप झूठे’

No comments