Recent Posts

Breaking News

धर्मांतरण का दबाव: प्यार के नाम पर तीन साल तक किया शोषण, शादी की बात आई तो रखी धर्म बदलने की शर्त

रायबरेली। जिले के बछरावां थाना क्षेत्र में एक युवती को प्रेम जाल में फंसाकर उसके साथ दुष्कर्म करने और बाद में धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर त्वरित कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ धर्म परिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम और एससी/एसटी एक्ट जैसी गंभीर धाराओं में कार्रवाई की गई है।

​शादी का आश्वासन देकर तीन साल तक किया शोषण

पीड़िता के अनुसार, वह पिछले तीन वर्षों से अपने पति से अलग रह रही थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात बछरावां के कुण्डौली निवासी मोहम्मद रेहान पुत्र मोहम्मद इरफान से हुई। रेहान ने उसे सहारा देने का भरोसा दिलाया और भविष्य में शादी करने का वादा किया। शादी का झांसा देकर आरोपी पिछले तीन वर्षों से पीड़िता का शारीरिक शोषण करता रहा।

​धर्म बदलने से इनकार पर दी जान से मारने की धमकी

मामले में मोड़ तब आया जब पीड़िता ने शादी के लिए दबाव बनाया। आरोप है कि पिछले छह महीनों से रेहान उसे शादी के बदले इस्लाम धर्म स्वीकार करने के लिए प्रताड़ित करने लगा। जब पीड़िता ने धर्म परिवर्तन से साफ इनकार कर दिया, तो आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज की और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी।

घेराबंदी कर पुलिस ने दबोचा

पुलिस अधीक्षक रवि कुमार द्वारा वांछित अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बछरावां पुलिस ने रविवार को जाल बिछाया। मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने शारदा नहर पुल के पास से आरोपी मोहम्मद रेहान को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष श्याम पाल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं सहित धर्म परिवर्तन और एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

कठोर कार्रवाई का संदेश

पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं के विरुद्ध अपराध और जबरन धर्म परिवर्तन जैसे मामलों में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जाएगी। इस गिरफ्तारी को पुलिस प्रशासन की अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के रूप में देखा जा रहा है।

No comments