मैंने ही अपनी बहन को गोली मारी...पुलिस कस्टडी में राखी को गोली मारने वाले उसके सगे भाई मोंटी ने वीडियो में ये सब बता दिया
Saharanpur Shootout News: सहारनपुर में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए पुलिस कस्टडी में राखी नाम की एक लड़की को गोली मारने की घटना ने पूरे प्रदेश को दहला दिया है. राखी को गोली मारने वाले आरोपी कोई और नहीं उसके अपने सगे भाई मोंटी और रवि थे. इस वारदात के बाद फरार चल रहे आरोपी मोंटी राणा ने अब वीडियो शेयर कर इस पूरी घटना की जिम्मेदारी ली है. वायरल वीडियो में मोंटी का कहना है कि बहन द्वारा परिवार की बात न मानने के कारण उसने गुस्से में आकर यह कदम उठाया है.
वीडियो में मोंटी ने ये सब बताया
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में मोंटी राणा अपना नाम और पता बताते हुए कहता है कि उसकी बहन को परिवार ने बहुत समझाया था. लेकिन वह नहीं मानी. उसने दावा किया कि उसके माता-पिता और भाई ने उसे ऐसा करने से रोका था. लेकिन गुस्से में उसने गोली चला दी. वीडियो में वह बार-बार विनती कर रहा है कि इस मामले में उसके रिश्तेदारों या परिवार को न घसीटा जाए क्योंकि उसने यह अकेले किया है. इस दौरान उसने ये भी कहा कि वह जल्द ही सरेंडर भी कर देगा.
पुलिस कस्टडी में हुआ था हमला
पूरी घटना 16 मार्च से शुरू हुई थी. रामखेड़ी गांव की 25 साल की युवती गांव के ही एक युवक के साथ चली गई थी. पुलिस ने युवती को बरामद कर लिया था और जब उसे मेडिकल जांच के लिए सीएचसी फतेहपुर ले जाया जा रहा था. तभी सरकारी गाड़ी में बैठी बहन पर मोंटी और उसके भाई रवि ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में हुई इस वारदात से हड़कंप मच गया था.
फरार आरोपियों की तलाश तेज
एसएसपी सहारनपुर के अनुसार, आरोपी मोटरसाइकिल से आए थे और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए. पुलिस की पहली प्राथमिकता घायल युवती की जान बचाना था जिसका फायदा उठाकर हमलावर भागने में सफल रहे. पुलिस अब वायरल वीडियो की सत्यता की जांच कर रही है और इसे साक्ष्य के तौर पर केस डायरी में शामिल किया जा रहा है.
No comments