सीएम योगी की मां के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने वाले सलीम पर की गई कड़ी कार्रवाई की मांग
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां के विरुद्ध की गई अभद्र एवं अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में भाजपा सारण के पदाधिकारियों ने नगरपालिका चौक पर मौलाना सलीम का पुतला दहन किया. इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि या सार्वजनिक जीवन से जुड़े व्यक्ति की माता जी के बारे में इस प्रकार की अमर्यादित टिप्पणी करना अत्यंत निंदनीय एवं समाज में नैतिक मूल्यों के विरुद्ध है. लोकतंत्र में मतभेद हो सकते हैं, परंतु किसी की माता या परिवार को लेकर अपमानजनक टिप्पणी करना सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं है.
वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार की बयानबाजी समाज में वैमनस्य फैलाने का कार्य करती है और इससे सामाजिक सौहार्द को ठेस पहुंचती है. पदाधिकारियों ने मौलाना सलीम से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने तथा प्रशासन से उसके विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की. लोगों का कहना है कि उक्त मौलाना को कड़ी सजा मिलनी चाहिए ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.
इस अवसर पर भाजपा सारण के जिला अध्यक्ष रणजीत सिंह, छपरा मेयर लक्ष्मी नारायण गुप्ता, अधिवक्ता विकास सिंह, अधिवक्ता रंजन निक्कू, सुशील सिंह, विवेक कुमार सिंह, धर्मेंद्र चौहान, अनूप यादव, राकेश कुमार, संस्कार कुमार, रामदयाल शर्मा, राजीव तिवारी सहित अन्य कई लोग उपस्थित थे.
No comments