Recent Posts

Breaking News

दुल्हनिया को लेने बरात पहुंचा दूल्हा, सामने आई चौंकाने वाली सच्चाई; लड़की पहले से निकली शादी-शुदा…

अबोहर (पंजाब) : सूरतगढ़ (राजस्थान)। शादी के नाम पर धोखाधड़ी का एक चौंकाने वाला मामला सूरतगढ़ के एक परिवार के साथ सामने आया है। जानकारी के अनुसार, जब लड़के की बरात अबोहर के अजीत नगर पहुंची, तो पता चला कि जिस लड़की से शादी तय हुई थी, वह पहले से दो बार शादीशुदा है और उसकी एक बेटी भी है। सच्चाई सामने आते ही लड़की और उसका परिवार मौके से फरार हो गया।

लड़की पक्ष ने मांगे थे एक लाख रुपये

पीड़ित परिवार के अनुसार, उनके बेटे को बोलने और सुनने में दिक्कत है। इसी बीच एक महिला ने उन्हें अबोहर की एक बिचौलन से मिलवाया, जिसने अजीत नगर की लड़की से रिश्ता तय करवाया। इस दौरान लड़की पक्ष ने रिश्ता तय करने के लिए एक लाख रुपये की मांग की, जिसे लड़के वालों ने उनकी आर्थिक स्थिति को देखते हुए स्वीकार कर लिया।

दस्तावेजों से खुली सच्चाई

रिश्ता तय होने के बाद 27 मार्च को बरात लाने का दिन तय किया गया। जब बरात अबोहर पहुंची, लड़की पक्ष ने कहा कि पहले तहसील में दस्तावेज़ प्रक्रिया पूरी की जाएगी। लेकिन तहसील में दस्तावेजों की जांच के दौरान सामने आया कि लड़की पहले से दो बार शादीशुदा है और उसकी एक बेटी है। यह सुनते ही लड़के वालों के होश उड़ गए।

मामले के खुलासे के तुरंत बाद लड़की और उसका परिवार वहां से फरार हो गया। गुस्साए लड़के वालों ने रिश्ता करवाने वाली बिचौलन और उसके एक रिश्तेदार को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। उनका आरोप है कि इस पूरे मामले में एक संगठित गिरोह काम कर रहा है, जो भोले-भाले लोगों की मजबूरी का फायदा उठाकर उनसे पैसे ऐंठता है।

ऑनलाइन भुगतान भी किया गया

लड़के वालों ने बताया कि एक लाख रुपये की डील में से उन्होंने 10,500 रुपये ऑनलाइन भेज भी दिए थे। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि इस धोखाधड़ी में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और पीड़ित परिवार के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

No comments