Recent Posts

Breaking News

झाड़ियों से आ रही थी रोने की आवाज, किसान ने जाकर देखा तो फट गया कलेजा; मां के शव से लिपटी थी ढाई साल की बच्ची

Telangana : तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले के शादनगर इलाके में मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक भयावह घटना सामने आई है। यहां रंगारेड्डीगुडा गांव के एक सुनसान खेत में 31 वर्षीय महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई, लेकिन इस घटना का सबसे दुखद पहलू वह ढाई साल की बच्ची थी, जो भूख, प्यास और डर के बीच पूरी रात अपनी मृत मां के सीने से लगकर रोती रही।

घटना का खुलासा रविवार (22 मार्च) सुबह हुआ जब देवुनिपल्ली क्षेत्र के कुछ किसान अपने खेतों की ओर जा रहे थे। तभी, सन्नाटे को चीरती हुई एक छोटी बच्ची के रोने की आवाज सुनकर वे रुक गए। जब वे आवाज की दिशा में पहुंचे, तो वहां का दृश्य देखकर उनकी रूह कांप गई। झाड़ियों के पास खून से लथपथ एक महिला का शव पड़ा था और उसकी ढाई साल की बेटी अपनी मां को जगाने की कोशिश करते हुए बिलख रही थी। ग्रामीणों ने तुरंत शादनगर पुलिस को इसकी सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने जब जांच शुरू की तो मृतका की पहचान रंगारेड्डीगुडा की रहने वाली शोभा (31) के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने शोभा के सिर पर भारी पत्थर से वार कर उसकी हत्या की थी। शव की हालत देखकर यह अनुमान लगाया गया है कि यह हादसा शनिवार की देर रात हुआ होगा। यानी कि, वह मासूम बच्ची घने अंधेरे में पूरी रात अपनी मां की लाश के साथ अकेले जंगल-नुमा इलाके में रही।

उलझी हुई प्रेम कहानी

पुलिस जांच में शोभा की जिंदगी के कई रहस्यों का खुलासा हुआ है। पता चला है कि शोभा की शादी लगभग 10 साल पहले महबूबनगर के राजू नामक व्यक्ति से हुई थी, जिनसे उसका एक 7 साल का बेटा भी है। हालांकि, बाद में शोभा का प्रेम संबंध उसी गांव के नरसिम्हुलु से हो गया। इस बात को लेकर उसके पति और शोभा के बीच विवाद हुआ और दोनों अलग हो गए। पिछले कुछ समय से शोभा नरसिम्हुलु के साथ रह रही थी, और उससे ही उनकी यह ढाई साल की बेटी है। लगभग एक महीने पहले ही शोभा अपने बच्चों को लेकर अपने मायके लौट आई थी।

साइकिल दिलाने के बहाने रची गई साजिश?

परिजनों ने पुलिस को बताया कि शनिवार (21 मार्च) को नरसिम्हुलु ने शोभा को फोन किया था। उसने वादा किया था कि वह उसकी बेटी के लिए एक नई साइकिल खरीदेगा। शोभा शाम तक उसका इंतजार करती रही, लेकिन जब वह नहीं आया, तो वह अपने बेटे को घर छोड़कर ढाई साल की बेटी के साथ कोइलाकोंडा के लिए निकल गई। उसके बाद वह घर वापस नहीं लौटी और अगले दिन उसकी लाश मिली।

शोभा की मां करुणम्मा की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस का शक है कि इस हत्याकांड के पीछे नरसिम्हुलु का हाथ हो सकता है, क्योंकि वही आखिरी व्यक्ति था जिसके साथ शोभा मिली थी। फिलहाल, पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा दिया है और आरोपियों की तलाश में कई टीमें गठित की हैं। उस मासूम बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है, लेकिन उसके चेहरे पर छाई उस दहशत और पूरी रात का खौफनाक सन्नाटा शायद ही कभी मिट पाए।

No comments