खेत में हवन के बाद संजय को मार वहीं गाड़ा! फिर बागपत के सचिन, अजीत, शुभम और आकाश पाप धोने गए हरिद्वार, क्यों मारा उसे?
UP News: बागपत के थाना दोघट के रहने वाले सचिन, अजीत, शुभम और आकाश हरिद्वार गए थे. वहां इन्होंने गंगा स्नान भी किया था. इन्हें लगा कि गंगा स्नान करने से इनके पाप धुल जाएंगे. मगर ये जो कांड करके, अपने पाप धोने के लिए हरिद्वार गए थे, वह इतना खौफनाक था कि अब उसके खुलासे के बाद पुलिस भी सकते में आ गई है.
दरअसल इन चारों ने मिलकर संजय नाम के मजदूर की हत्या की थी. संजय को निर्ममता के साथ मारने के बाद इन्होंने उसकी लाश को खेत में ही गाड़ दिया था. इसके बाद ये चारों अपने पाप धोने के लिए हरिद्वार पहुंच गए और वहां जाकर गंगा स्नान किया. मगर अब पुलिस इन चारों तक पहुंच गई है और इनके पाप का खुलासा हो गया है.
संजय के गुप्तांग को भी चोट पहुंचाई गई
मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक संजय सचिन के यहां काम करता था. सचिन को शक था कि संजय ने उसकी भैंस चुराई है. इसी शक में सचिन ने अपने 3 दोस्तों के साथ मिलकर संजय को घेरने का प्लान बनाया. योजना के तहत संजय को खेत में बुलाया गया. मगर संजय के पास से भैंस नहीं मिली. फिर सचिन ने तीनों दोस्तों और संजय के साथ मिलकर खेत में ही हवन किया. इसके बाद संजय को मारना-पीटना शुरू कर दिया.
संजय के गुप्तांग को भी नुकसान पहुंचाया गया. फिर उसे पानी में डुबो दिया. हत्या के बाद उसको खेत की जमीन में ही गाड़ दिया. इसके बाद चारों युवक अपना पाप धोने के लिए हरिद्वार चले गए और वहां जाकर गंगा स्नान किया.
पुलिस को मिली थी लाश की जानकारी
बता दें कि पुलिस को जानकारी मिली थी कि निरपुड़ा गांव में एक युवक की हत्या करके, उसके शव को खेत में गाड़ा गया है. इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और वह संजय की लाश तक पहुंच गई. इसके बाद पूरे मामले का सनसनीखेज खुलासा हो गया.
पुलिस ने ये बताया
इस पूरे मामले को लेकर सूरज राय (एसपी, बागपत) ने बताया, मृतक नौकरी करता था. भैंस चोरी के शक में आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और उसकी हत्या कर दी. पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. शव को भी पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है.
No comments