‘मर जाओगी तो कर्ज माफ हो जाएगा’…लोन न चुका पाने पर बोला फाइनेंस कर्मी, महिला ने सुनकर लगा ली फांसी…

बिहार के वैशाली जिले के गोरौल थाना क्षेत्र के राजखंड गांव में एक 30 वर्षीय महिला ने कथित तौर पर कर्ज के दबाव में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेजकर जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान दुर्गा देवी के रूप में हुई है, जो चार बच्चों की मां थी। बताया जा रहा है कि उसने एक माइक्रो फाइनेंस कंपनी से करीब एक लाख रुपये का लोन लिया था। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर थी और उसके पति पवन महतो पटना में सब्जी बेचकर घर चलाते हैं।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी किस्त वसूली के लिए लगातार दबाव बना रहे थे। उनका कहना है कि कर्मचारियों ने महिला को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया, यहां तक कि घर से सामान और मोबाइल तक ले गए। आरोप है कि उसे अपमानित करते हुए कहा गया कि “मर जाओगी तो कर्ज माफ हो जाएगा”, जिससे वह गहरे तनाव में आ गई।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने कंपनी के एक कर्मचारी को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी, हालांकि उसने खुद को निर्दोष बताया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हालात को काबू में किया और फॉरेंसिक टीम ने भी मौके की जांच की।
पुलिस ने मृतका की मां के बयान पर सास, ससुर और पति समेत सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। साथ ही दो बैंक कर्मियों को गिरफ्तार कर एक बाइक भी जब्त की गई है। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
No comments