भाई की साली पर आया दिल और उजड़ गया घर; पिता के साथ मिलकर उतारा मौत के घाट

तुमकुरु, कर्नाटक : कर्नाटक के तुमकुरु जिले से एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने रिश्तों की पवित्रता पर कालिख पोत दी है। बानाशंकरी इलाके में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई, और हैरान करने वाली बात यह है कि इस कत्ल का मास्टरमाइंड उसका अपना सगा बड़ा भाई निकला, जिसमें पिता ने भी साथ दिया। अवैध संबंधों के शक और मंगेतर के एक बयान ने हंसते-खेलते परिवार को श्मशान बना दिया।
मंगेतर के आरोप ने घर में लगाई आग
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक स्टालिन 29 की सगाई जेनिफर नाम की युवती से हुई थी। शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इसी बीच जेनिफर ने स्टालिन पर चरित्रहीन होने का गंभीर आरोप लगा दिया। जेनिफर का दावा था कि स्टालिन के अपने बड़े भाई नवीन की साली के साथ अवैध संबंध हैं। इतना ही नहीं, उसने नवीन की गर्भवती पत्नी के साथ भी स्टालिन के रिश्तों पर सवाल खड़े कर दिए। इस खुलासे के बाद परिवार में पिछले एक हफ्ते से भीषण झगड़ा चल रहा था।
भाई और पिता ने रची खौफनाक साजिश
22 मार्च को यह विवाद इस कदर बढ़ा कि बड़े भाई नवीन ने आपा खो दिया और स्टालिन पर जानलेवा हमला कर दिया। इस घिनौने अपराध में पिता जॉन पॉल ने भी बड़े बेटे नवीन का साथ दिया। स्टालिन को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन आरोपियों ने पुलिस और डॉक्टरों को गुमराह करने के लिए एक झूठी कहानी गढ़ी। उन्होंने बताया कि बाइक रोकते समय स्टालिन संतुलन बिगड़ने से गिर गया और रेलिंग से टकराने के कारण उसके पेट में चोट आई।
अस्पताल में तोड़ा दम, पुलिस की पैनी नजर ने पकड़ा झूठ
घायल स्टालिन को सिद्धगंगा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पांच दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच जूझने के बाद उसने दम तोड़ दिया। जब जयनगर पुलिस को इस मौत की सूचना मिली, तो उन्हें चोट के निशान देखकर संदेह हुआ। डॉक्टरों की रिपोर्ट में भी यह बात सामने आई कि घाव किसी दुर्घटना के नहीं, बल्कि चाकू से वार किए जाने के थे।
पूछताछ में टूटा पिता, खुल गया हत्या का राज
पुलिस ने जब पिता जॉन पॉल को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो उसकी मनगढ़ंत कहानी ताश के पत्तों की तरह ढह गई। पिता ने कबूल किया कि बड़े भाई नवीन ने ही गुस्से में स्टालिन की हत्या की थी और उन्होंने मामले को दबाने के लिए एक्सीडेंट का नाटक रचा था। पुलिस ने अब नवीन और उसके पिता जॉन पॉल दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना ने पूरे तुमकुरु शहर को झकझोर कर रख रख दिया है।
No comments