Recent Posts

Breaking News

HPCL प्लांट के GM सुधीर गुप्ता और AGM हर्षित मिश्रा की हत्या के बाद हटाए गए बदायूं SSP बृजेश सिंह, इस अधिकारी को मिला नया चार्ज


बदायूं के HPCL एथेनॉल प्लांट में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड के मामले में अब शासन ने बड़ी कार्रवाई की है. इस जघन्य वारदात के बाद कानून-व्यवस्था पर उठे सवालों के बीच बदायूं के SSP डॉ. बृजेश कुमार सिंह को हटा दिया गया है. उनकी जगह अब अंकिता शर्मा बदायूं की नई एसएसपी होंगी, जो वर्तमान में कासगंज में एसपी के पद पर तैनात थीं. इस मामले में पुलिस प्रशासन पहले ही मूसाझाग थाना अध्यक्ष अजय कुमार सिंह और चौकी इंचार्ज धर्मेंद्र कुमार को निलंबित कर चुका है.

मुख्य आरोपी अजय सिंह मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

पुलिस ने इस दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी अजय प्रताप सिंह उर्फ रामू को एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है. क्षेत्राधिकारी उझानी डॉ. देवेंद्र कुमार के अनुसार, आरोपी ने स्वीकार किया कि वह दो तमंचों के साथ प्लांट में घुसा था और दोनों अधिकारियों की हत्या कर HPCL की ही गाड़ी लेकर फरार हो गया था.

जब पुलिस टीम उसे हथियार बरामदगी के लिए मुरसेना के जंगल ले गई, तो उसने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी, जिसमें एक सिपाही घायल हो गया. जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है.

'सबको बताया था खतरा है, पर किसी ने नहीं सुनी'

मृतक हर्षित मिश्रा के परिजनों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर गहरा आक्रोश है. पोस्टमार्टम हाउस पर मृतक की माँ रानी देवी ने रोते हुए आरोप लगाया कि उनके बेटे ने अपनी जान को खतरा होने की शिकायत डीएम, एसपी और विधायक तक से की थी.

रानी देवी का कहना है, "मेरे बेटे ने सबको बताया था कि उसकी जान को खतरा है, लेकिन किसी ने नहीं सुनी. आरोपी अजय प्रताप सिंह उर्फ रामू खुलेआम धमकियां देता था और गैंग का डर दिखाता था." उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि मीटिंग में कई अधिकारी मौजूद थे, लेकिन केवल उनके बेटे को ही क्यों निशाना बनाया गया? परिजनों को अंदेशा है कि सिक्योरिटी वाले भी इस साजिश में मिले हुए थे.

लापरवाही पर अब तक क्या क्या एक्शन हुआ

इस हत्याकांड के बाद पुलिस महकमे में मचे हड़कंप के बीच अब तक निम्नलिखित कार्रवाई की गई है:

  • एसएसपी का तबादला: डॉ. बृजेश कुमार सिंह को पद से हटाकर अंकिता शर्मा को नया एसएसपी बनाया गया है.
  • निचले स्तर पर निलंबन: थाना मूसाझाग के प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार और चौकी इंचार्ज धर्मेंद्र कुमार को पहले ही सस्पेंड किया जा चुका है.
  • विभागीय जांच: प्रशासन इस बात की जांच कर रहा है कि पूर्व में मिली शिकायतों पर थाने स्तर से कोई ठोस कदम क्यों नहीं उठाए गए और आरोपी असलहा लेकर हाई-सिक्योरिटी प्लांट के अंदर कैसे दाखिल हो गया.

No comments