Recent Posts

Breaking News

UP Weather Update: यूपी में 27 मार्च को बरसेंगे मेघ… मौसम विभाग ने इन जिलों में जारी किया अलर्ट


UP Weather Update:उत्तर प्रदेश में मार्च के आखिरी दिनों में मौसम के कई रंग देखने को मिल रहे हैं. लखनऊ मौसम केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, फिलहाल प्रदेश में किसी बड़े तूफान या भारी बारिश की चेतावनी तो नहीं है. लेकिन छिटपुट बूंदाबांदी का सिलसिला जारी रहेगा. मौसम विभाग का अनुमान है कि 26 से 28 मार्च के बीच प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है. जबकि 29 मार्च से मौसम के तेवर और अधिक बदल सकते हैं और बारिश की तीव्रता में बढ़ोत्तरी होने की संभावना है.

 26 से 28 मार्च तक कैसा रहेगा मौसम

वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया है कि आगामी 26, 27 और 28 मार्च के दौरान प्रदेश के लिए कोई अलर्ट नहीं है. हालांकि इस दौरान स्थानीय स्तर पर बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और प्रदेश के कुछ जिलों में छिटपुट बारिश दर्ज की जा सकती है. यह बारिश पश्चिमी विक्षोभ के हल्के प्रभाव के कारण होगी.

इन जिलों में हो सकती है बारिश

27 मार्च को यूपी के जिन जिलों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना है उनमें वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली,गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, प्रयागराज, प्रतापगढ़, कौशाम्बी, फतेहपुर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर,गोंडा, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया,मिर्जापुर, सोनभद्र, भदोही,अयोध्या, सुल्तानपुर, अमेठी, अंबेडकर नगर शामिल हैं.

29 मार्च से बढ़ेगा बारिश का ग्राफ

मौसम विभाग के अनुसार असली बदलाव 29 मार्च से देखने को मिलेगा. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 29 मार्च से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोत्तरी होने की प्रबल संभावना है. इस दौरान प्रदेश के बड़े हिस्से में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं जिससे तापमान में एक बार फिर गिरावट आने की उम्मीद है.

तापमान और धुंध का असर

वैज्ञानिकों का मानना है कि फिलहाल अधिकतम तापमान में क्रमिक बढ़ोत्तरी हो रही है. लेकिन नमी की मौजूदगी के कारण सुबह के समय हल्की धुंध भी देखी जा सकती है. 29 मार्च से शुरू होने वाले बारिश के नए दौर से उमस और बढ़ती गर्मी से लोगों को कुछ समय के लिए राहत मिल सकती है.

No comments