Recent Posts

Breaking News

जहरीले मांस से 25 गिद्धों की मौत, वन विभाग ने पांच गंभीर घायल गिद्धों को उपचार के लिए भेजा

Lakhimpur Kheri : थाना भीरा क्षेत्र के ग्राम सिमरिया के पास मंगलवार को एक दर्दनाक और चिंताजनक घटना सामने आई, जहां जहरीले मांस के सेवन से करीब 25 गिद्धों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है, वहीं वन विभाग की टीम मामले की जांच में जुट गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गांव के पास एक खेत के किनारे मृत कुत्तों के शव पड़े हुए थे।

बताया जा रहा है कि बीते दिनों कुछ कुत्तों ने बकरियों पर हमला कर दिया था, जिसके बाद बकरी मालिक ने कुत्तों को जहर दे दिया। बाद में ग्रामीणों ने उन मृत कुत्तों को सड़क किनारे खंती में डाल दिया। इसी दौरान गिद्धों का एक बड़ा झुंड वहां पहुंचा और जहरीले कुत्तों के मांस को खाने लगा। मांस खाते ही कुछ ही मिनटों में गिद्ध तड़पने लगे और एक-एक कर करीब 25 गिद्धों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। टीम ने 5 गंभीर रूप से घायल गिद्धों को रेस्क्यू कर उपचार के लिए भेजा है।

वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और मृत गिद्धों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिससे मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सके। इस घटना ने वन्यजीव संरक्षण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह खुले में जहरीले पशु शव फेंकना न केवल पर्यावरण के लिए खतरनाक है, बल्कि दुर्लभ पक्षियों और अन्य वन्यजीवों के लिए जानलेवा साबित हो सकता है।

No comments