Recent Posts

Breaking News

दूल्हा बनने के चक्कर में खाली हो गई जेब! रायगढ़ पुलिस ने दबोचे 26 ‘मैरिज माफिया’, फर्जी प्रोफाइल से करते थे शिकार.

 

छत्तीसगढ़ : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक बड़े साइबर फ्रॉड रैकेट का खुलासा हुआ है, जहां फर्जी मैट्रिमोनियल साइट के जरिए हजारों लोगों को शादी का झांसा देकर ठगा गया। इस गिरोह ने देशभर के 7,693 लोगों से करीब 1.11 करोड़ रुपये की ठगी की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस नेटवर्क से जुड़े 26 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

यह पूरा गिरोह रायगढ़ के कोतवाली थाना क्षेत्र में दरोगा पारा इलाके से संचालित हो रहा था, जहां एक लोक सेवा केंद्र की आड़ में साइबर ठगी का बड़ा खेल चल रहा था। बाहर से यह केंद्र दस्तावेज और लाइसेंस बनाने का काम करता था, लेकिन अंदर कॉल सेंटर के जरिए लोगों को शादी का झांसा देकर पैसे वसूले जाते थे।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी यूट्यूब चैनलों, फर्जी प्रोफाइल और नकली जीमेल आईडी का इस्तेमाल कर लोगों से संपर्क करते थे। पहले रजिस्ट्रेशन फीस, फिर मीटिंग फीस और अन्य बहानों से यूपीआई के जरिए पैसे ऐंठे जाते थे, लेकिन इसके बाद पीड़ितों से कोई संपर्क नहीं किया जाता था।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने लैपटॉप, मोबाइल, प्रिंटर और फर्जी दस्तावेजों के साथ सरकारी सील और मुहरें भी बरामद की हैं। जांच में फोटोशॉप के जरिए दस्तावेजों में हेरफेर और नकली प्रोफाइल तैयार करने के सबूत मिले हैं।

पुलिस के अनुसार, यह गिरोह साल 2022 से सक्रिय था और इसका मास्टरमाइंड कपिल गर्ग बताया जा रहा है, जिसने अपने साथियों के साथ मिलकर इस पूरे नेटवर्क को खड़ा किया था। फिलहाल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है और पुलिस इस साइबर रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

No comments