सूखदार बिल्डर के बेटे पर रेप का केस दर्ज, शादी का झांसा देकर डेढ़ साल तक किया शोषण; 3 बार कराया गर्भपात

Bhopal : राजधानी भोपाल में एक प्रतिष्ठित बिल्डर के शादीशुदा बेटे पर तलाकशुदा महिला से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का गंभीर मामला सामने आया है। भोपाल के एमपी नगर थाने में पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, कानपुर की रहने वाली 24 वर्षीय महिला ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने उसे रियल एस्टेट सेक्टर में नौकरी दिलाने का लालच देकर भोपाल बुलाया था। यहां नौकरी देने के बाद आरोपी ने दोस्ती बढ़ाई और शादी का वादा कर उसके साथ संबंध बनाए।
डेढ़ साल तक शोषण, तीन बार कराया गर्भपात
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी युवक ने करीब डेढ़ साल तक शादी का झांसा देकर उसका शोषण किया। इस दौरान वह तीन बार गर्भवती हुई और हर बार आरोपी ने गर्भपात कराया। जब महिला ने शादी के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी मुकर गया।
शादीशुदा होने की बात छुपाई
महिला ने बताया कि आरोपी ने शुरुआत में अपनी शादीशुदा होने की बात छुपाई थी। बाद में जब उसे सच्चाई पता चली और उसने सवाल उठाया, तो आरोपी ने पत्नी से अलग होकर उससे शादी करने का भरोसा दिलाया, लेकिन बाद में परिवार के दबाव का हवाला देकर रिश्ता खत्म कर लिया।
पुलिस कमिश्नर से की शिकायत, जांच जारी
पीड़िता ने मामले की शिकायत भोपाल पुलिस कमिश्नर से भी की थी, जिसके बाद जांच एमपी नगर एसीपी को सौंपी गई। जांच के बाद पुलिस ने दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
इस मामले में एडिशनल डीसीपी गौतम सोलंकी ने बताया कि शिकायत के आधार पर FIR दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
No comments