गाजियाबाद में चोरी करने आए बदमाश का सिर शटर में फंस गया, खुद पुलिस ने इस तरीके से बचाई उसकी जान
Thief Stuck in Shutter: गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके से एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक चोर चोरी के इरादे से एक क्लीनिक में घुसने की कोशिश कर रहा था. लेकिन उसका पासा उल्टा पड़ गया. वह दीवार और शटर के बीच के सकरे गैप में इस तरह फंसा कि उसकी गर्दन तक जाम हो गई. आखिर में खुद को बचाने के लिए उसे खुद ही शोर मचाकर लोगों को मदद के लिए बुलाना पड़ा.
कैसे फंस गया चोर
यह पूरा मामला इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के अभय खंड इलाके का है. यहां एक कार्डियोलॉजिस्ट का क्लीनिक है. जानकारी के मुताबिक, बिहार का रहने वाला एक नाबालिग लड़का छत के रास्ते क्लीनिक में सेंध लगाने की कोशिश कर रहा था.
चोर ने शटर और कंक्रीट की दीवार के बीच के एक बहुत ही सकरे गैप से अंदर जाने की कोशिश की. लेकिन वह बीच में ही बुरी तरह अटक गया. हालात ऐसे थे कि वह न तो अंदर जा पा रहा था और न ही बाहर निकल पा रहा था. काफी देर तक तड़पने के बाद उसने हार मान ली और शटर पर पैर मारकर आवाज करना शुरू किया.
शटर से आती आवाज सुनकर जब क्लीनिक का स्टाफ वहां पहुंचा तो नजारा देखकर दंग रह गया. तुरंत पुलिस और फायर विभाग को सूचना दी गई. वैशाली फायर स्टेशन की टीम रात के करीब सवा एक बजे मौके पर पहुंची. फायर कर्मियों ने सावधानी से शटर को काटा और रेस्क्यू टूल्स की मदद से युवक की गर्दन को सुरक्षित बाहर निकाला. रेस्क्यू के बाद युवक को पुलिस के हवाले कर दिया गया है. गाजियाबाद के सीएफओ ने बताया कि डिजास्टर यूनिट ने कटर की मदद से स्पेस बनाया और युवक को सुरक्षित निकालकर पुलिस को सौंप दिया. फिलहाल चोर सुरक्षित है और पुलिस उससे पूछताछ कर रही है.
No comments