Recent Posts

Breaking News

साहब! उसने कहा था पति को छोड़ दो तो अपनाऊँगा, पर खुद किसी और के साथ ‘सात फेरे’ लेकर उड़ गया; अब हो रही परेशान

पिथौरागढ़ : उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले से रिश्तों में धोखे और विश्वासघात की एक ऐसी कहानी सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। बलुवाकोट क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने अपने दूर के रिश्तेदार, बरेली निवासी यश वर्मा के झूठे प्रेम और वादों पर भरोसा कर अपना हंसता-खेलता संसार उजाड़ लिया। यश ने महिला को इस कदर अपने प्रभाव में ले लिया था कि उसने शादी का झांसा देकर न केवल उसका यौन शोषण किया, बल्कि उसे अपने पति को तलाक देने के लिए भी मजबूर कर दिया।

यश के वादों पर अंधा विश्वास करते हुए, महिला ने फरवरी 2025 में एक शपथ पत्र तैयार कराया और जुलाई 2025 में कोर्ट में अपने पति से तलाक की अर्जी दे दी। महिला का पति दिल्ली में नौकरी करता है और उनकी एक छह साल की मासूम बेटी भी है, जिसका भविष्य दांव पर लगाकर महिला ने प्रेमी के साथ नई जिंदगी के सपने बुने थे।

विश्वासघात की पराकाष्ठा तब सामने आई जब महिला कानूनी तौर पर अलग होने की प्रक्रिया में थी, और इसी बीच आरोपी यश वर्मा ने उसे अंधेरे में रखकर जुलाई में किसी दूसरी लड़की से शादी रचा ली। इस धोखे ने महिला के पैरों तले जमीन खिसका दी; वह न केवल अपने घर से बेघर हो गई, बल्कि उस शख्स ने भी साथ छोड़ दिया जिसके लिए उसने सब कुछ कुर्बान किया था।

न्याय की उम्मीद में जब पीड़िता बलुवाकोट थाने पहुंची, तो पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की। थानाध्यक्ष नीमा बोहरा के अनुसार, आरोपी यश वर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 (शादी का वादा कर यौन शोषण) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को बलुवाकोट क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

No comments