रायबरेली में सनसनी! पति ससुराल गया था, पीछे से पत्नी के साथ जो हुआ उसे जान कांप जाएगी रूह
Raebareli News Today: रायबरेली के जगतपुर थाना क्षेत्र के जोगपट्टी दामोदर चांदमऊ गांव में सोमवार की रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. महिला का शव घर के अंदर पड़ा मिला. मृतका के पति ने गांव के ही चार दबंगों पर हत्या कर शव को लटकाने का सनसनीखेज आरोप लगाया है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी महेश की 35 वर्षीय पत्नी मंजू सोमवार रात घर पर अपने दो बच्चों के साथ थी. महेश उस समय अपने ससुराल गए हुए थे. आरोप है कि सोमवार की शाम को किसी बात को लेकर पड़ोसियों से विवाद हुआ था. महेश का कहना है कि इसी रंजिश में आरोपियों ने रात के समय उसकी पत्नी की हत्या कर दी और मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की.
मंगलवार की सुबह जब 12 वर्षीय बेटी पल्लवी की आंख खुली तो उसने मां का शव देखा जिसके बाद चीख-पुकार शुरू कर दी. शोर सुनकर मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई. सूचना पर पहुंची जगतपुर थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है. पति महेश ने गांव के ही चार नामजद लोगों के खिलाफ तहरीर देकर इंसाफ की गुहार लगाई है.

No comments