साले ने अकेले पी ली बोतल, तो जीजा ने गुस्से में आकर खारुन नदी किनारे उतार दिया मौत के घाट
रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के ग्रामीण इलाके से रिश्तों के कत्ल की एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए। महज 150 रुपये की शराब के चक्कर में एक जीजा ने अपने ही साले की बेरहमी से हत्या कर दी। यह खौफनाक वारदात कुम्हारी थाना क्षेत्र के अंतर्गत खारुन नदी के किनारे अंजाम दी गई। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी जीजा को गिरफ्तार कर लिया है।
150 रुपये और शराब की ‘बेवफाई’ बनी कत्ल की वजह
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 30 वर्षीय घनश्याम यादव के रूप में हुई है, जो महासमुंद जिले के कोमाखान का रहने वाला था। आरोपी गोप सिंह बरिहा (45 वर्ष) मृतक का सगा जीजा है। दोनों कुम्हारी स्थित एक ईंट भट्टी में साथ मिलकर मजदूरी करते थे। विवाद की शुरुआत 8 अप्रैल को हुई, जब दोनों सिलतरा शराब भट्टी गए थे। बताया जा रहा है कि गोप सिंह ने घनश्याम को 150 रुपये देकर और शराब लाने भेजा था, लेकिन घनश्याम ने वह शराब जीजा को देने के बजाय अकेले ही गटक ली। यह बात गोप सिंह को इतनी चुभी कि उसने मन में नफरत पाल ली।
नहाने के बहाने नदी किनारे ले गया और फिर…
9 अप्रैल को आरोपी गोप सिंह ने अपने साले को ठिकाने लगाने की साजिश रची। दोनों खारुन नदी में नहाने गए थे। इसी बीच घनश्याम नदी किनारे शौच के लिए गया। पीछे-पीछे गोप सिंह भी वहां पहुंच गया। मौका पाते ही आरोपी ने घनश्याम को नदी की मेढ़ से जोर का धक्का दे दिया। ऊंचाई से गिरने के कारण घनश्याम पत्थर से टकराकर बेहोश हो गया।
पोल खुलने के डर से गमछे से घोंटा गला
जब घनश्याम बेहोश हो गया, तो आरोपी गोप सिंह को डर लगा कि होश में आने पर वह सबको सच बता देगा। इसी डर से उसने अपने गले में रखे गमछे से बेहोश घनश्याम का गला तब तक कसा, जब तक उसकी सांसें नहीं थम गईं। हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से भाग निकला। शुक्रवार को पुलिस ने खुलासा किया कि तकनीकी जांच और संदेह के आधार पर जब गोप सिंह को पकड़ा गया, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस की कार्रवाई और पोस्टमार्टम
कुम्हारी थाना पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने आरोपी गोप सिंह बरिहा को आईपीसी की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस अब मामले की विस्तृत जांच कर रही है ताकि अदालत में कड़े सबूत पेश किए जा सकें।

No comments